Uncategorized

संत गुरु रविदास जी के समरसता संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगा भाजपा का कलश अभियान : प्रकाश बैस

धमतरी। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा है कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश में “समरसता संकल्प अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य संत रविदास जी के समता, सामाजिक न्याय, समरसता और मानवता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
प्रकाश बैस ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने वाला संगठन है। इसी उद्देश्य से जिले के सभी मंडलों में संत गुरु रविदास जी के जीवन-दर्शन, उनके विचारों एवं समरस समाज की अवधारणा को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान आगामी माघ पूर्णिमा 2027 तक निरंतर चलेगा तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सामाजिक समरसता, संवेदनशीलता और समानता का संदेश देगा।
उन्होंने बताया कि 4 अगस्त 2026 को रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित साधु-संतों एवं विभिन्न समाजों के प्रमुखों की गरिमामयी उपस्थिति में वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से लाई गई पवित्र माटी युक्त कलश का वितरण प्रदेश के सभी संगठन जिलों को किया जाएगा।प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के पश्चात उसी दिन धमतरी जिले में पवित्र कलश का भव्य स्वागत किया जाएगा। कलश यात्रा ग्राम दरबा से प्रारंभ होकर भाठागांव, छाती, संबलपुर, बठेना चौक, घड़ी चौक एवं कचहरी चौक से होते हुए धमतरी के किले स्थित श्रीराम मंदिर पहुंचेगी, जहां श्रद्धापूर्वक पूजन एवं स्वागत किया जाएगा। उसके पश्चात सभी कलश सभी मंडलों में भी वितरित होगी।जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक एवं पावन कार्यक्रम को सफल बनाएं तथा संत गुरु रविदास जी के समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहभागी बनें।यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू ने दी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!