शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में तेजी लाएं, शिकायतों का करें समयबद्ध निराकरण : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
सीएम हेल्पलाईन के प्रभावी संचालन हेतु 2 जून को जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित होगा

खाद वितरण, एग्री स्टैक, सड़क मरम्मत, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं निर्माण कार्यों की हुई समीक्षा
धमतरी- कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आज आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, विकास कार्यों तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनहितकारी कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि आमजन से प्राप्त शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के उद्देश्य से शासन द्वारा सीएम हेल्पलाईन व्यवस्था प्रारंभ की जा रही है। इसके प्रभावी संचालन एवं शिकायतों के समयबद्ध निराकरण हेतु जिला एवं विकासखंड स्तर पर नामांकित अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम 2 जून 2026 को प्रातः 10:30 बजे से जिला पंचायत धमतरी के सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी विभागों के नामांकित जिला स्तरीय अधिकारी प्रशिक्षण में भौतिक रूप से उपस्थित रहेंगे। विकासखंड धमतरी के अधिकारी जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, जबकि नगरी, कुरूद एवं मगरलोड विकासखंडों के अधिकारी अपने-अपने मुख्यालयों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशिक्षण में शामिल होंगे।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में खाद के भंडारण, उठाव एवं वितरण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा अधिकारियों को निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए ताकि किसानों को खरीफ सीजन में उर्वरकों की उपलब्धता में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
राजस्व विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने एग्री स्टैक के अंतर्गत संयुक्त खातों के सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गठित संयुक्त दल मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर निर्धारित समय सीमा में सत्यापन कार्य पूर्ण करें।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल संसाधन विभाग तथा क्रेडा सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कुछ सड़कों की गुणवत्ता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित कार्यों की तकनीकी जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित कार्यपालन अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
साथ ही बिना पूर्व सूचना के मुख्यालय से अनुपस्थित रहने के मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने, महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा आम नागरिकों को बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता, नियमित स्वास्थ्य सेवाएं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों तथा संस्थागत प्रसव की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
स्कूल शिक्षा की समीक्षा में कलेक्टर ने आगामी शैक्षणिक सत्र को दृष्टिगत रखते हुए विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बिजली व्यवस्था एवं जर्जर भवनों की मरम्मत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालयों की आवश्यक मरम्मत तथा व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों की केवाईसी प्रगति की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को अभियान चलाकर शत-प्रतिशत केवाईसी कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को बिना किसी बाधा के समय पर पेंशन का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने केवाईसी कार्य की प्रतिदिन समीक्षा करते हुए दैनिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने तथा निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत प्राप्त मांगों एवं शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी, एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

