Uncategorized

सुशासन शिविर का पार्षद मेघराज ठाकुर ने किया निरीक्षण, कुपोषित बच्चों को वितरित किया पोषण किट

धमतरी। सुशासन तिहार के तहत 8 जून को नगर निगम क्षेत्र के म्युनिसिपल स्कूल में शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में रिसाई पारा पूर्व, रिसाई पारा पश्चिम, टिकरापारा एवं नयापारा वार्ड के नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदनों का निराकरण किया गया।शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए उनका समाधान किया। बड़ी संख्या में लोगों ने पेयजल, सड़क, नाली, राशन कार्ड, पेंशन, राजस्व, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए। संबंधित विभागों द्वारा कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों के निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
इस दौरान रिसाई पारा पूर्व के पार्षद मेघराज ठाकुर ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की जानकारी ली। उन्होंने शिविर में पहुंचे नागरिकों से भी चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिविर में सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए पार्षद मेघराज ठाकुर ने दो कुपोषित बच्चों को पोषण किट वितरित की। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और पोषण समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कुपोषण को दूर करने के लिए शासन द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और संतुलित आहार पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
पार्षद मेघराज ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। इस पहल से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, बल्कि उनके वार्ड के निकट ही सभी विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो जाती हैं। इससे प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ती है और आम लोगों का विश्वास भी मजबूत होता है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिल रही है। जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान शासन की प्राथमिकता है और सुशासन तिहार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। श्री ठाकुर ने नागरिकों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा क्षेत्र के विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
शिविर में बड़ी संख्या में वार्डवासी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नागरिकों ने अपने वार्ड के समीप शिविर आयोजित किए जाने और समस्याओं के त्वरित निराकरण की व्यवस्था के लिए शासन एवं प्रशासन के प्रति संतोष व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!