कंडेल के वरिष्ठ भाजपा नेता कोमल राम साहू ने थामा कांग्रेस का हाथ
राजीव भवन में दिग्गजों की मौजूदगी में हुआ प्रवेश

धमतरी । कंडेल के पूर्व उपसरपंच और क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता कोमल राम साहू ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया। राजीव भवन धमतरी में आयोजित जिला कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक के दौरान उन्होंने कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बैठक में विशेष रूप से उपस्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पर्यवेक्षक एवं सांसद शोभा बच्छाव, जिला संगठन प्रभारी विनोद तिवारी, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री सकलेन कामदार और जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष तारिणी चन्द्राकर, धमतरी विधायक ओंकार साहू, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम की मौजूदगी में कोमल राम साहू का कांग्रेस में स्वागत किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक गुरमुख सिंह होरा, लेखराम साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष मोहन लालवानी और शरद लोहाना सहित मंच पर उपस्थित तमाम वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें कांग्रेसी साफा पहनाकर विधिवत रूप से पार्टी में शामिल किया। कांग्रेस प्रवेश के बाद कोमल राम साहू ने कहा कि वे लंबे समय से भाजपा में सक्रिय रहकर कार्य कर रहे थे, लेकिन वर्तमान में भाजपा की रीति-नीति और आम जनता के प्रति उदासीन विचारधारा से उनका मोहभंग हो गया। कांग्रेस की नीतियां हमेशा से गरीब, किसान और आम वर्ग के हित में रही हैं। जिला तारिणी चंद्राकर, विधायक ओंकार साहू ने कोमल राम साहू के कांग्रेस प्रवेश पर हर्ष जताया।