मोदी और विष्णुदेव साय सरकार की नीतियों से जनता त्रस्त – नरेश जसूजा
दीपावली के पूर्व धान खरीदी एक नवंबर से शुरू करने की मांग
कहा, जनता की समस्याओं का समाधान जरूरी

धमतरी। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष नरेश जसूजा ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक परेशानियों से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पा रही हैं। किसानों, युवाओं, छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। नरेश जसूजा ने कहा कि महंगाई का असर आम परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। युवाओं के सामने रोजगार की चुनौती बनी हुई है, वहीं किसान खेती की बढ़ती लागत और अपनी उपज का उचित मूल्य मिलने को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि सरकारों को जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देते हुए जनता को राहत प्रदान करनी चाहिए।
धान खरीदी एक नवंबर से शुरू करने की मांग
जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश जसूजा ने छत्तीसगढ़ के किसानों से जुड़े धान खरीदी के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि धान खरीदी की शुरुआत एक नवंबर से की जानी चाहिए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। उन्होंने कहा कि धान खरीदी में देरी होने से किसानों को आर्थिक और व्यवस्थागत परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि किसान पूरे साल मेहनत करके धान की फसल तैयार करता है। खाद, बीज, कृषि उपकरण, मजदूरी और अन्य कृषि कार्यों पर उसे काफी खर्च करना पड़ता है। ऐसे में समय पर धान खरीदी शुरू करना और खरीदी केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। किसानों को टोकन, बारदाना, तौल और धान के सुरक्षित रखरखाव जैसी व्यवस्थाओं के लिए परेशान नहीं होना चाहिए। दीपावली के पूर्व खरीदी न कर सरकार किसानों की दीवाली फीकी करने पर जुटी हुई है।
आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा
नरेश जसूजा ने कहा कि यदि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर जनता त्रस्त है। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को जनता की नाराजगी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। कांग्रेस जनता के मुद्दों, किसानों के अधिकारों और धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी। अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी।


