सूने मकानों के चोर गिरोह का पर्दाफाश, आठ आरोपियों से 24 लाख की संपत्ति बरामद
नगरी थाना क्षेत्र की दो बड़ी चोरी और मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा

सायबर सेल व नगरी पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्य से पकड़ा गैंग
चोरी का माल खरीदने वाला और माल छिपाने में सहयोग करने वाली महिला भी गिरफ्तार
धमतरी। सुने मकानों में चोरी करने वाले गैंग को पकड़ने में पुलिस की सफलता मिली है। कार्यालय के सभाकक्ष ने एसपी सूरज सिंह परिहार ने मामले का खुलासा किया। बताया कि जंगलपारा नगरी निवासी श्रीमती राधिका साहू ने थाना नगरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे 5-6 जून 2026 को घर में ताला लगाकर जीजामगांव स्थित मातंगी धाम दर्शन करने गए थे। 8 जून को घर लौटने पर पिछला दरवाजा खुला मिला और आलमारी टूटी पड़ी थी। अज्ञात चोर सोना-चांदी के आभूषण और नगदी लेकर फरार हो गए थे। रिपोर्ट पर केस दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता देखते हुए सायबर सेल और नगरी थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। एडिशनल एसपी व एसडीओपी की निगरानी में तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और संदेहियों पर नजर रखी गई। पूछताछ में गिरोह ने चोरी कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि सूने मकान की रेकी कर पीछे से प्रवेश कर लोहे की रॉड से आलमारी तोड़ी गई थी। पूछताछ में ही नगरी थाना के एक अन्य चोरी प्रकरण और मुख्य आरोपी तामेन्द्र यादव उर्फ सोनू द्वारा की गई मोटरसाइकिल चोरी का भी खुलासा हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का माल बरामद कर लिया। बरामदगी में सोने के रानी हार, मंगलसूत्र, गुलबंद, झुमका, बाली, अंगूठी, टॉप्स सहित कुल 144.11 ग्राम सोना शामिल है। वहीं चांदी में दो करधन, पांच जोड़ी पायल, सिक्के और रिंग के साथ कुल 2167.845 ग्राम चांदी मिली। इसके अलावा 11,300 रुपये नगदी व सिक्के, दो एप्पल और दो विवो मोबाइल, चोरी में प्रयुक्त लोहे का रॉड तथा चोरी की मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 23 पी 6597 भी जब्त की गई। कुल बरामद संपत्ति की कीमत लगभग 24 लाख रुपये है। जांच में सामने आया कि चोरी का माल गिरोह ने आपस में बांट लिया था। कुछ जेवर आरोपी पुष्पजीत खरे ने नोवल जैन को बेच दिए थे, जबकि लक्की गुप्ता ने हिस्सा अपनी मां सीमा गुप्ता को छिपाने के लिए दिया था। माल खरीदने व छिपाने में संलिप्तता के कारण नोवल जैन और सीमा गुप्ता के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
नगरी व धमतरी के युवकों के साथ व्यापारी भी गिरफ्तार
प्रकरण में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों में तामेन्द्र यादव उर्फ सोनू पिता दूलचंद यादव 19 वर्ष निवासी ग्राम गजकन्हार थाना नगरी, लक्की गुप्ता पिता संतोष गुप्ता 19 वर्ष निवासी जंगलपारा नगरी, प्रहलाद नेताम उर्फ राहुल पिता स्वर्गीय राजकुमार नेताम 19 वर्ष गणेश चौक विध्यवासिनी वार्ड धमतरी, हितेश्वर मरकाम उर्फ प्रधान पिता अंजोर सिंह मरकाम 23 वर्ष जंगलपारा नगरी, पुष्पजीत खरे उर्फ जीत्तू पिता किरण खरे18 वर्ष गांधी सागर वार्ड नगरी, भावेश कुमार साहू उर्फ मेलोडी पिता शिव कुमार साहू 20 वर्ष बुढ़ारावपारा नगरी, नोवल जैन पिता स्वर्गीय टारजन जैन 22 वर्ष राजाबाड़ा नगरी, सीमा गुप्ता पति संतोष गुप्ता 40 वर्ष जंगलपारा नगरी शामिल है। शेष माल की बरामदगी और विवेचना जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने आम लोगो व व्यापारियो से की अपील
पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि धमतरी पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। सराफा व्यवसायियों से अपील है कि कोई भी व्यक्ति बिना पहचान पत्र और वैध बिल के सोना-चांदी बेचने आए तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। नागरिकों से अनुरोध है कि कीमती आभूषण बैंक लॉकर में सुरक्षित रखें। घर पर ताला लगाकर बाहर जाएं तो पड़ोसी या विश्वसनीय व्यक्ति को सूचना दें और घर को लम्बे समय तक सूना न छोड़ें। थोड़ी सी सावधानी से चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सकता है।
