बढ़ती जनस्वीकृति का प्रमाण है कांग्रेस के आंदोलन में उमड़ा जनसैलाब: तारिणी चंद्राकर
जिला कांग्रेस अध्यक्ष संगठनात्मक क्षमता और सक्रिय नेतृत्व को लगातार कर रही साबित

धमतरी । छत्तीसगढ़ में बढ़ती बिजली दरों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित विशाल आंदोलन ने जिले की राजनीति में नई ऊर्जा का संचार किया है। इस आंदोलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की विशेष उपस्थिति और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं व आम जनता की सहभागिता ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर की संगठनात्मक क्षमता और सक्रिय नेतृत्व को एक बार फिर साबित किया है। जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार सक्रिय रहने वाले तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में हजारों की संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए। आंदोलन में उमड़ी भीड़ ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि जिले में कांग्रेस का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है और जनता के मुद्दों को लेकर पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करने के लिए प्रतिबद्ध है।
तारिणी चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा आम जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। बढ़ती बिजली दरों से आम उपभोक्ता, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग प्रभावित हो रहा है। इसी जनहित के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन किया, जिसे जनता का भरपूर समर्थन मिला। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जिले में कांग्रेस के प्रत्येक कार्यक्रम, आंदोलन और जनसंपर्क अभियान में तारिणी चंद्राकर की सक्रिय भागीदारी के कारण संगठन को नई मजबूती मिली है। चाहे जनसमस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन हो, ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा हो या सामाजिक कार्यक्रम, उनकी उपस्थिति लगातार दर्ज हो रही है। जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में संगठन अधिक संगठित और सक्रिय हुआ है, जिसका परिणाम हाल के आंदोलनों और कार्यक्रमों में दिखाई दे रहा है। बिजली दर वृद्धि के खिलाफ हुए इस आंदोलन की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर मजबूती से मैदान में है और जिला नेतृत्व जनता के बीच लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
युवाओ के जोश, वरिष्ठों के अनुभव के बेहतर तालमेल से पार्टी को कर रही मजबूत
पहले कांग्रेस में बिखराव व गुटबाजी की चर्चा होती रहती थी। लेकिन जब से आलाकमान ने तारिणी चन्द्राकर को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है तब से पार्टी में नई उर्जा का संचार हुआ है। और अब पार्टी में एकजुटता स्पष्ट नजर आ रही है। युवाओ के जोश, वरिष्ठों के अनुभव का बेहतर तालमेल कर श्रीमती चन्द्राकर पार्टी को लगातार मजबूती प्रदान कर रही है। यही कारण है कि कांग्रेस के आयोजनों में कार्यकर्ताओं का अलग ही उत्साह नजर आता है।
