लिफ्ट मांगकर बनाई पहचान और पार कर दी बाइक, पुलिस की कार्यवाही में शातिर आरोपी धराया
आमातालाब रोड स्थित सेन समाज भवन के पास शातिर वाहन चोर पकड़ाया,चोरी की बाइक बरामद कर भेजा गया जेल

थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक प्रकरण का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
प्रार्थी संजय मारकंडे निवासी देवरी कचांदुर, जिला बालोद ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 07-08 मई की दरम्यानी रात वह अपनी मोटरसाइकिल हीरो एचएफ डीलक्स से गंगरेल घूमने आया था। वापस लौटते समय अंबेडकर चौक धमतरी में एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे लिफ्ट मांगी, जिसे उसने नेहरू गार्डन तक छोड़ा,इसके बाद वह स्वयं वहीं विश्राम करने लगा,अगले दिन सुबह उठने पर उसकी मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली।जिसकी रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में धारा 303(2) बीएनएस के तहत तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान सिटी कोतवाली धमतरी द्वारा मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार आरोपी की पतासाजी की जा रही थी,तभी आज दिनांक 19 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि चोरी की उक्त मोटरसाइकिल को एक व्यक्ति आमातालाब रोड क्षेत्र में चला रहा है। जिसकी सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए, गवाहों की समक्ष सेन समाज भवन के पास घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा।आरोपी से पूछताछ एवं मेमोरेण्डम कथन के दौरान आरोपी पेमन साहू पिता गोविंदराम साहू, 31 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 01 खपरी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी ने उक्त मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे एवं निशानदेही पर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर जप्त की गई।पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना देकर मान.न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।