25 स्कूल क्लस्टरों को मॉडल शिक्षा परिसर बनाने की दिशा में बड़ी पहल
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप समग्र अधोसंरचना विकास पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने तय किया रोडमैप

धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित वीबीजीराम -जी योजना एवं स्कूल शिक्षा विभाग की संयुक्त इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग समन्वय बैठक में जिले के 25 स्कूल क्लस्टरों के समग्र विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने पर मंथन किया गया। बैठक में भारत सरकार के स्कूल क्लस्टर डेवलपमेंट प्लान तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शिक्षा अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने वीबीजीराम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालयों के समग्र एवं सतत अधोसंरचना विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए विद्यालय परिसरों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की प्राथमिकता तय की जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी जितनी मजबूत होगी, विद्यालय उतने ही सशक्त और विद्यार्थी-केंद्रित बनेंगे। कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक स्कूल क्लस्टर का वैज्ञानिक ढंग से गैप एनालिसिस तैयार कर अधोसंरचना संबंधी सभी आवश्यकताओं का आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के प्रस्ताव संबंधित ग्राम सभाओं में अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किए जाएं, जिससे स्थानीय जनभागीदारी सुनिश्चित हो और योजनाओं का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन हो सके। बैठक में इंटीग्रेटेड स्कूल परिसरों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। यू-डाइस डेटा एंट्री, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाओं की उपलब्धता, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, खेल मैदानों का विकास, पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास, पार्किंग शेड, गार्डन, सुरक्षा रेलिंग तथा दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुगम एवं समावेशी अधोसंरचना विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। स्वामी विवेकानंद स्कूलों से संबंधित अधोसंरचना प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों को समग्र विकास के अवसर उपलब्ध कराना है।

