कम संख्या के बावजूद निगम में दमदार विपक्ष की भूमिका निभा रहे कांग्रेस पार्षद, जनहित के मुद्दों पर लगातार मुखर

धमतरी- नगर पालिका निगम धमतरी में कांग्रेस के पार्षद संख्या में भले ही कम हों, लेकिन जनहित के मुद्दों पर उनकी सक्रियता और मुखर भूमिका लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उपनेता प्रतिपक्ष विश्व देवांगन, वरिष्ठ पार्षद योगेश लाल सहित सभी कांग्रेस पार्षद निगम की बैठकों से लेकर सड़क तक जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठा रहे हैं।
कांग्रेस पार्षदों का कहना है कि विपक्ष का दायित्व केवल आलोचना करना नहीं, बल्कि शहर के विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ सामने लाना और जनता की आवाज बनना है। इसी सोच के साथ विपक्षी पार्षद पेयजल, सड़क, नाली, सफाई, स्ट्रीट लाइट, जलभराव, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य नागरिक समस्याओं को लगातार निगम प्रशासन के समक्ष उठा रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद समय-समय पर धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन और जनआंदोलनों के माध्यम से शहरवासियों की समस्याओं के समाधान की मांग करते रहे हैं। उपनेता प्रतिपक्ष विश्व देवांगन और वरिष्ठ पार्षद योगेश लाल भी विभिन्न वार्डों का नियमित दौरा कर नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित करते हैं तथा उनकी समस्याओं को निगम की बैठकों में प्रमुखता से रखते हैं।
कांग्रेस पार्षदों का कहना है कि लोकतंत्र में एक मजबूत और जागरूक विपक्ष सत्ता पक्ष को जनहित में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। इसी उद्देश्य से वे निगम की प्रत्येक बैठक में तथ्यों और जनहित के मुद्दों के साथ अपनी बात रखते हैं तथा शहर के समग्र विकास के लिए रचनात्मक सुझाव भी देते हैं।
राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ सभी कांग्रेस पार्षद पार्टी संगठन के कार्यक्रमों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। संगठन की बैठकों, जनसंपर्क अभियानों और सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी नियमित उपस्थिति पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का कार्य कर रही है।कांग्रेस पार्षदों का कहना है कि उनका लक्ष्य केवल राजनीतिक विरोध करना नहीं, बल्कि धमतरी शहर के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराना है। उनका दावा है कि नगर निगम में संख्या कम होने के बावजूद वे जनता के हितों की आवाज बुलंद करने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे और शहर के विकास, पारदर्शिता तथा जनसुविधाओं से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर आगे भी मजबूती के साथ संघर्ष जारी रहेगा।
धमतरी नगर निगम में कांग्रेस के विपक्षी पार्षदों की यह सक्रियता राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ आम नागरिकों के बीच भी चर्चा का विषय बनी हुई है। जनहित के मुद्दों पर उनकी निरंतर सक्रियता यह संदेश देती है कि प्रभावी विपक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर सजग रहना आवश्यक है।
