महापौर रामू रोहरा ने बरसात मे जलभराव की समस्या रोकने अधिकारियों की ली बैठक, शहर के सभी वार्डों में पानी निकासी के दिए सख्त निर्देश
बरसात के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निगम का अमला पूरी तत्परता के साथ कार्य करेगा-रामू रोहरा

धमतरी- बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए महापौर रामू रोहरा ने नगर पालिक निगम के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर शहर सहित सभी वार्डों में जल निकासी व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में नालियों की नियमित सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान, बंद नालों को तत्काल साफ कराने तथा वर्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
महापौर रामू रोहरा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के किसी भी वार्ड में बारिश का पानी जमा नहीं होना चाहिए। जलभराव की संभावना वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए समय रहते आवश्यक कार्य पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि नालियों की सफाई, कचरे का नियमित उठाव तथा जल निकासी तंत्र को पूरी तरह सुचारु रखना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए तथा फील्ड अमला लगातार निरीक्षण कर व्यवस्था पर नजर बनाए रखे। महापौर ने कहा कि बरसात के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निगम का पूरा अमला पूरी तत्परता के साथ कार्य करेगा।उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि नालियों में कचरा या प्लास्टिक न डालें तथा शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें, ताकि बरसात के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे और जलभराव जैसी समस्याओं से बचा जा सके।


