ग्रामीणों ने देखी विधानसभा की कार्यवाही
नागरिकों का लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक प्रक्रियाओं एवं जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों से परिचित होना आवश्यक है - विधायक ओंकार साहू

धमतरी। धमतरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुरमातरई के ग्रामवासियों ने छत्तीसगढ़ विधानसभा का भ्रमण किया। विधायक ओंकार साहू ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों का लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक प्रक्रियाओं एवं जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों से परिचित होना आवश्यक है। विधानसभा भ्रमण के माध्यम से ग्रामीणों को सदन की कार्यप्रणाली, विधेयकों के निर्माण की प्रक्रिया, प्रश्नकाल, शून्यकाल तथा जनहित के मुद्दों पर होने वाली चर्चा की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सर्वोच्च मंदिर है, जहां जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को आवाज दी जाती है तथा जनहित में कानून बनाए जाते हैं। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण नागरिकों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं और ग्रामीणों को लोकतांत्रिक व्यवस्था को निकट से समझने का अवसर प्रदान करते हैं विधानसभा भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत कुरमातरई के ग्रामीणों ने सदन की कार्यवाही एवं विधानसभा परिसर का अवलोकन किया तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत से ग्रामीणो ने मुलाकात किया। इस दौरान पूर्व विधायक व पीसीसी उपाध्यक्ष गुरुमुख सिंह होरा भी उपस्थित रहे।