Uncategorized

देश सेवा में समर्पित आईटीबीपी जवान खिलेश कुमार ध्रुव का असामयिक निधन, जिले में शोक की लहर

21 जुलाई को गृहग्राम शंकरदाह में पूरे राजकीय सम्मान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ होगा अंतिम संस्कार


धमतरी। धमतरी जिला मुख्यालय से लगे ग्राम शंकरदाह के निवासी एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में पदस्थ जवान खिलेश कुमार ध्रुव (उम्र 32 वर्ष) का रविवार 19 जुलाई को गुवाहाटी (असम) में असामयिक निधन हो गया। देश सेवा में समर्पित एक युवा जवान के निधन की खबर मिलते ही पूरे धमतरी जिले सहित उनके गृह ग्राम शंकरदाह में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार, रिश्तेदार, मित्र और क्षेत्रवासी इस दुखद समाचार से स्तब्ध हैं। स्वर्गीय खिलेश कुमार ध्रुव ग्राम शंकरदाह निवासी थे तथा उनके बड़े भाई खूबचंद ध्रुव पंचायत विभाग में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत हैं। परिवार के अनुसार खिलेश कुमार ध्रुव अपनी सेवाओं का निर्वहन करते हुए छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर कैंप से ड्यूटी पूरी कर वापस गुवाहाटी (असम) लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उपचार के हर संभव प्रयास के बावजूद रविवार को उनका निधन हो गया। खिलेश कुमार ध्रुव अपने कर्तव्यनिष्ठ, सरल एवं मिलनसार स्वभाव के कारण परिवार, समाज और अपने साथियों के बीच विशेष पहचान रखते थे। उन्होंने देश की सीमाओं की सुरक्षा एवं राष्ट्र सेवा को अपना सर्वोच्च धर्म माना और पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनके निधन से न केवल परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है, बल्कि पूरे क्षेत्र ने एक होनहार, साहसी और राष्ट्रभक्त जवान को खो दिया है। परिजनों के अनुसार उनका पार्थिव शरीर गृह ग्राम शंकरदाह लाया जाएगा तथा मंगलवार 21 जुलाई को पूरे राजकीय सम्मान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!