आईटीबीपी जवान खिलेश कुमार ध्रुव का हुआ अंतिम संस्कार, रैली के साथ पार्थिव शरीर पहुंचा निवास, सैकड़ो लोगो ने नम आंखो से दी श्रद्धाजंलि
गृहग्राम शंकरदाह में पूरे राजकीय सम्मान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ अंतिम संस्कार
विधायक ओंकार साहू व महापौर रामू रोहरा सहित जनप्रतिनिधियों व नेताओं ने दी श्रद्धाजंलि

धमतरी । धमतरी जिला मुख्यालय से लगे ग्राम शंकरदाह के निवासी एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में पदस्थ जवान खिलेश कुमार ध्रुव (उम्र 32 वर्ष) का रविवार 19 जुलाई को गुवाहाटी (असम) में असामयिक निधन हो गया। देश सेवा में समर्पित एक युवा जवान के निधन की खबर मिलते ही पूरे धमतरी जिले सहित उनके गृह ग्राम शंकरदाह में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार, रिश्तेदार, मित्र और क्षेत्रवासी इस दुखद समाचार से स्तब्ध हैं। स्वर्गीय खिलेश कुमार ध्रुव ग्राम शंकरदाह निवासी थे। आज उनका पार्थिव शरीर रायपुर रोड से होते हुए धमतरी शहर पहुंचा रैली के रुप में सैकड़ो लोग शव के साथ चलते रहे। इस दौरान लोग हाथो में तिरंगा लिये खिलेश कुमार अमर रहे के नारे लगाते रहे। जैसे ही काफिला गांव पहुंचा गांव में आंसुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। खिलेश कुमार के परिजनों के साथ ही पूरे गांव के आंखे नम हो गई। सैकड़ो लोगो ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धाजंलि दी। इसके पश्चात गृहग्राम शंकरदाह में पूरे राजकीय सम्मान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। विधायक ओंकार साहू रैली में शामिल रहे। वहीं महापौर रामू रोहरा सहित जनप्रतिनिधियों व नेताओं ने श्रद्धाजंलि दी।
उल्लेखनीय है कि खिलेश कुमार ध्रुव अपने कर्तव्यनिष्ठ, सरल एवं मिलनसार स्वभाव के कारण परिवार, समाज और अपने साथियों के बीच विशेष पहचान रखते थे। उन्होंने देश की सीमाओं की सुरक्षा एवं राष्ट्र सेवा को अपना सर्वोच्च धर्म माना और पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

