प्रैक्टिकल परीक्षा में 13 छात्रों को फेल करने का आरोप, पॉलीटेक्निक कॉलेज के बाहर छात्रों का प्रदर्शन

धमतरी। भोपाल राव पवार शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, रुद्री के बाहर मंगलवार को छात्रों ने प्रदर्शन कर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बारिश के बीच भी छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते नजर आए। छात्रों ने छठवें सेमेस्टर की प्रैक्टिकल परीक्षा में 13 विद्यार्थियों को फेल किए जाने को लेकर कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि करीब डेढ़ माह पहले छठवें सेमेस्टर की प्रैक्टिकल परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा परिणाम में 13 छात्रों को फेल कर दिया गया। छात्रों ने इस मामले को लेकर पहले भी कॉलेज प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर भी अपनी समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया गया था।
छात्रों का आरोप है कि शिकायत के बाद उन्हें लगातार आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी से नाराज होकर छात्रों ने कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र मौके पर डटे रहे और नारेबाजी करते हुए प्रैक्टिकल परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की।
