भाजपा के झंडे वाले वीडियो को एडिट कर तिरंगे के अपमान से जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन किए जब्त, डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर की गई कार्यवाही

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक, एडिटेड एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर जनभावनाओं को प्रभावित करने वाले मामलों में धमतरी पुलिस द्वारा लगातार वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा झंडा फहराने से संबंधित मूल वीडियो को एडिट कर उसे भ्रामक स्वरूप में सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 190/2026, धारा 336(4), 353(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
प्रार्थी की रिपोर्ट के अनुसार, दिनांक 22.03.2026 को भाजपा कार्यालय कुरूद में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था। उक्त वीडियो को एडिट कर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “धमतरी में तिरंगे की जगह BJP का झंडा, स्वतंत्रता दिवस पर उठे सवाल” जैसे भ्रामक संदेश एवं तिरंगे के प्रतीक के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
डिजिटल साक्ष्यों से सामने आई एडिटिंग एवं अपलोड की प्रक्रिया
विवेचना के दौरान आरोपियों को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर पूछताछ की गई। आरोपियों के मोबाइल फोन का विधिवत अवलोकन एवं पंचनामा तैयार किया गया। अवलोकन के दौरान विभिन्न सोशल मीडिया एवं वीडियो एडिटिंग एप्लीकेशन पाए गए।
जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा मूल वीडियो को डाउनलोड कर न्यूज़ बनाओ एप्प के माध्यम से एडिट किया गया तथा उसमें भ्रामक शीर्षक एवं तिरंगे का प्रतीक जोड़कर वीडियो तैयार किया गया। इसके बाद उक्त एडिटेड वीडियो को इंस्टाग्राम एवं फेसबुक पर अपलोड किया गया। आरोपी द्वारा बाद में वीडियो डिलीट किया जाना बताया गया, जिसके संबंध में इंस्टाग्राम के रिसेंटली डिलीटेड सेक्शन में भी उक्त वीडियो के साक्ष्य पाए गए। आवश्यक स्क्रीनशॉट एवं डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित किए गए।
वहीं आरोपी राकेश निराला के मोबाइल की जांच में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराए जाने संबंधी फोटो भी पाए गए, जिसका स्क्रीनशॉट लेकर पंचनामा तैयार किया गया।
दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मोबाइल फोन जब्त
पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस द्वारा
भुनेश्वर निराला, पिता मंगल निराला, 25 वर्ष, निवासी ग्राम जिल्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़,राकेश निराला, पिता स्व. मंगल निराला,32 वर्ष, निवासी ग्राम जिल्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को दिनांक 18.08.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 45,000 रुपये है, गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किए गए।
दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है।
धमतरी पुलिस की अपील
सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो, फोटो अथवा समाचार को साझा करने से पूर्व उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें। एडिटेड अथवा भ्रामक सामग्री को प्रसारित करना कानूनी कार्यवाही का कारण बन सकता है।
