एसपी भावना पाण्डेय ने जारी किया 8 निरीक्षकों का तबादला आदेश:शरद ताम्रकार अर्जुनी, अरुण साहू बने भखारा थाना प्रभारी
धमतरी पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, विभिन्न थानों और रक्षित केंद्र में नई पदस्थापना

धमतरी- जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक भावना पाण्डेय ने जिले में पदस्थ निरीक्षकों के तबादले का आदेश जारी किया है। प्रशासनिक कारणों से जारी आदेश के तहत कुल 8 निरीक्षकों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण किया गया है। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
जारी आदेश के अनुसार रक्षित केंद्र धमतरी में पदस्थ निरीक्षक शरद ताम्रकार को थाना प्रभारी अर्जुनी, अरुण साहू को नगरी से भखारा थाना प्रभारी, तथा निरीक्षक उमेश पाटिल को सिहावा थाना प्रभारी बनाया गया है।
इसी प्रकार रक्षित केंद्र धमतरी से संबद्ध रीडर शाखा पुलिस कार्यालय में पदस्थ निरीक्षक समीर तिवारी को चौकी प्रभारी बिरेझर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सन्नी दुबे को थाना प्रभारी रुद्री, तापेश्वर नेताम को भखारा से नगरी थाना प्रभारी, मधुनाथ ध्रुव को थाना प्रभारी बोराई तथा चंद्रकांत साहू को अर्जुनी से थाना प्रभारी सायबर सेल नियुक्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह तबादला प्रशासनिक आवश्यकता एवं कार्य व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए किया गया है। सभी अधिकारियों को तत्काल नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल को जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों से बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों को त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की अपेक्षा की जा रही है।
