27 जुलाई को होगी भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला

धमतरी। भारतीय जनता पार्टी जिला धमतरी द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा के सफल संचालन को लेकर 27 जुलाई सोमवार को दोपहर 1 बजे जिला भाजपा कार्यालय, धमतरी में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। यह अभियान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के मार्गदर्शन में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 तक पूरे देश में संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य श्री गुरु रविदास महाराज के जीवन, समरसता, सेवा, सामाजिक न्याय एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय, धरसींवा विधायक अनुज शर्मा, अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू तथा जिला संगठन प्रभारी डॉ. किरण बघेल उपस्थित रहकर अभियान की रूपरेखा एवं संगठनात्मक दिशा-निर्देशों पर मार्गदर्शन देंगे। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारी, नगर निगम, जिला एवं जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि सहित अभियान से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अपेक्षित रहेगी। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस ने सभी आमंत्रित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से समय पर उपस्थित होकर अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया है। यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू ने दी।

