Uncategorized

बनियापारा वार्ड में जलजनित बीमारी पर निगम का एक्शन, स्थिति अब नियंत्रण में

स्वास्थ्य विभाग और जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर की सतत निगरानी में सुबह-शाम हो रही जांच, पानी के सैंपल लिए जा रहे

धमतरी। शहर के बनियापारा वार्ड, शिव चौक के पास दूषित पेयजल की शिकायत और पीलिया-टाइफाइड के मामलों के सामने आने के बाद नगर निगम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार निगरानी और सुधार कार्य शुरू किया है। अब वार्ड में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग और जल विभाग की संयुक्त टीम लगातार वार्ड में पहुंचकर पेयजल व्यवस्था की जांच कर रही है।

स्वास्थ्य विभाग और जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर की सतत निगरानी

जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर लगातार बनियापारा वार्ड की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उनके निर्देशन में निगम की टीम सुबह-शाम वार्ड का दौरा कर रही है और अलग-अलग स्थानों से पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। पाइपलाइन में जहां भी लीकेज की समस्या सामने आ रही है, वहां सुधार कार्य कराया जा रहा है।

घर-घर पहुंचकर लोगों से स्वास्थ्य का हाल जान रही टीम

निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम भी घर-घर पहुंचकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ले रही है। वार्डवासियों को साफ और सुरक्षित पानी का उपयोग करने के साथ ही पानी को उबालकर पीने तथा गर्म और ताजा भोजन करने की सलाह दी जा रही है।

स्वास्थ्य सभापति निलेश लूनिया और जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर द्वारा वार्ड का दौरा कर लोगों से सीधे संवाद किया गया। दोनों सभापतियों ने वार्डवासियों से सावधानी बरतने और किसी भी तरह की स्वास्थ्य या पेयजल संबंधी समस्या होने पर तत्काल निगम को जानकारी देने की अपील की।

लीकेज पाइपलाइन सुधारने का काम लगातार जारी

वार्ड में पेयजल पाइपलाइन के लीकेज को चिन्हित कर उसे ठीक करने का काम लगातार जारी है। निगम की संयुक्त टीम यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि लोगों तक साफ और सुरक्षित पेयजल पहुंचे। पानी के सैंपल की जांच और फील्ड मॉनिटरिंग के जरिए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पीलिया से बचाव के लिए बरतें सावधानी

स्वास्थ्य विभाग ने वार्डवासियों से अपील की है कि पानी को अच्छी तरह उबालकर ही पिएं। खुले या संदिग्ध स्रोत के पानी का सेवन न करें। भोजन को ढककर रखें, बासी भोजन से बचें और खाना खाने से पहले तथा शौचालय के बाद साबुन से हाथ जरूर धोएं।

यदि किसी व्यक्ति को आंख या त्वचा में पीलापन, गहरे रंग का पेशाब, उल्टी, बुखार, पेट दर्द या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो लापरवाही न बरतें और तत्काल चिकित्सकीय जांच कराएं।
नगर निगम की लगातार निगरानी, पानी के सैंपल की जांच और पाइपलाइन सुधार कार्य के चलते बनियापारा वार्ड में स्थिति अब नियंत्रण में है। निगम की टीम आने वाले दिनों में भी वार्ड में निगरानी और जांच का सिलसिला जारी रखेगी, ताकि जलजनित बीमारियों की स्थिति दोबारा न बने।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!