Uncategorized

हरेली तिहार कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक ओंकार साहू, भूपेश बघेल ने किसान हितों को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रायपुर स्थित निवास में आयोजित हरेली तिहार कार्यक्रम में धमतरी विधायक ओंकार साहू शामिल हुए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और कृषि जीवन से जुड़े हरेली पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों की वर्तमान स्थिति को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद किसानों को न तो पर्याप्त खाद मिल रही है और न ही उन्हें डीजल-पेट्रोल की सही कीमत एवं गुणवत्ता का लाभ मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई पेट्रोल पंपों में मिलावटी पेट्रोल बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
श्री बघेल ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ के किसानों और कृषि संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना तथा नरवा-गरवा-घुरवा-बाड़ी जैसी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का प्रयास किया गया था।
धमतरी विधायक ओंकार साहू ने कहा कि हरेली हमारी माटी, किसान, पशुधन और प्रकृति से जुड़ी गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। यह पर्व हमें अन्नदाता किसानों के प्रति सम्मान और प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद, बीज, सिंचाई, उचित मूल्य और कृषि लागत में राहत उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
श्री साहू ने प्रदेश के सभी किसान भाइयों-बहनों एवं समस्त छत्तीसगढ़वासियों को हरेली तिहार की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश में सुख, समृद्धि, हरियाली और खुशहाली की कामना की।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!