Uncategorized

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश-अधिकारी अपने विभागीय कार्यों का करें नियमित निरीक्षण

लोन प्रकरणों के निराकरण से लेकर एग्रीस्टैक पंजीयन तक तेज करें काम

सड़कों के गड्ढे भरने, राशन दुकानों के निरीक्षण और पीएम सूर्यघर योजना में हितग्राहियों को जोड़ने पर भी जोर

धमतरी-कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय कार्यो की बारी-बारी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देशित किया कि वे अपने विभागों से संबंधित कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समय सीमा में पूरा करें और कार्यों का नियमित निरीक्षण करें। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए प्राचार्यो की बैठक लेने और सभी स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उद्योग विभाग को लोन प्रकरण निपटाने और राईस मिलरों की बैठक लेने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एलडीएम को लोन मेला आयोजित करने के लिए भी निर्देशित किया। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से जिले में एग्रीस्टैक पंजीयन अभियान को गति दी जा रही है। कलेक्टर श्री मिश्रा ने एग्रीस्टेक के शेष पंजीयन को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए शिविर लगाने के निर्देश कृषि विभाग को दिए। इसके साथ ही सब्जी मंडी का शेष काम भी पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मत्स्य हितग्राहियों का केसीसी कराने और नर्सरी का एरिया बढ़ाने के निर्देश मछलीपालन विभाग को दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों में पीएम सूर्यघर योजना के तहत अधिक से अधिक हितग्राहियों को सोलन कनेक्शन लगाने हेतु प्रेरित करने के निर्देश विद्युत विभाग के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों को सीईओ जिला पंचायत से चर्चा के उपरांत ही प्रस्तुत करने कहा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि सड़कों के गड्ढों की भराई कर आवागमन को व्यवस्थित करें। कलेक्टर ने खाद्य निरीक्षक के माध्यम से सोसाईटियों का नियमित निरीक्षण कराने के निर्देश खाद्य अधिकारी को दिए। इसके अलावा भेण्डरी में धान संग्रहण केन्द्र को पूरा कराने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी ब्लॉक के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों का स्वास्थ्य जांच करने कहा। इसके अलावा डायलिसिस सेंटर धमतरी में अधिक से अधिक मरीजों को लाभ मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। कुरूद में स्पोर्ट्स से संबंधित सभी कार्यो और हाउसिंग बोर्ड के तहत बन रहे भवनों को जल्द पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन में पेंशन, चिकित्सा सहित अन्य प्राप्त प्रकरणों को संबंधित विभाग द्वारा निराकृत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त प्रकरणों को भी समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!