धमतरी में गूंजा राष्ट्रभक्ति का जयघोष, स्कूली बच्चों के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा
तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है- रंजना साहू

तिरंगा किसी व्यक्ति, संस्था या विचारधारा का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के गौरव का प्रतीक है- प्रकाश बैस
प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान के लिए सदैव समर्पित रहना चाहिए- इंदर चोपड़ा
धमतरी। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर से पूर्व गुरुवार को धमतरी जिला मुख्यालय में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति गौरव की भावना से ओतप्रोत इस यात्रा में स्कूली बच्चों के साथ शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी, सामाजिक संस्थाओं के सदस्य, युवा, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। हर हाथ में तिरंगा और हर चेहरे पर देशभक्ति का उत्साह दिखाई दे रहा था।
नत्थूजी जगताप शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गौशाला मैदान पहुंची। यात्रा के दौरान पूरा शहर तिरंगामय नजर आया। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। विशेष आकर्षण का केंद्र स्कूली बच्चों द्वारा अपने सिर के ऊपर से ले जाई गई लंबी तिरंगा पट्टी रही, जिसने पूरे आयोजन को बेहद आकर्षक और भावपूर्ण बना दिया।
यात्रा में शामिल सभी वर्गों के लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कदम से कदम मिलाया। शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी नागरिक बड़ी संख्या में पहुंचे। वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता ने जहां नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया, वहीं बच्चों और युवाओं के उत्साह ने पूरे वातावरण में ऊर्जा भर दी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रंजना साहू, महापौर रामू रोहरा, जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस एवं पूर्व विधायक इंदरचंद चोपड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पूर्व विधायक रंजना साहू ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस से पहले निकली यह यात्रा धमतरी के नागरिकों के भीतर देश के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना को दर्शाती है। खासकर बच्चों और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह संदेश देती है कि राष्ट्रभक्ति की भावना आने वाली पीढ़ी में और मजबूत हो रही है।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि तिरंगा यात्रा में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता धमतरी की एकता और सामाजिक समरसता का सुंदर उदाहरण है। जब पूरा समाज एक साथ तिरंगे के नीचे चलता है, तो उससे राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचता है।जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा कि तिरंगा किसी व्यक्ति, संस्था या विचारधारा का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के गौरव का प्रतीक है। आज की यात्रा में जिस तरह बच्चे, युवा, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और समाज के विभिन्न वर्ग एक साथ तिरंगा लेकर चले, वह धमतरी की राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की जीवंत तस्वीर है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं नई पीढ़ी को स्वतंत्रता के महत्व और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों से जोड़ने का कार्य करती हैं।पूर्व विधायक इंदरचंद चोपड़ा ने कहा कि तिरंगा यात्रा का यह दृश्य अत्यंत गौरवपूर्ण है। देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान के लिए सदैव समर्पित रहना चाहिए।तिरंगा यात्रा में जिला संयोजक चेतन हिंदूजा, सहसंयोजक एवं कार्यक्रम दिवस प्रभारी रोहिताश मिश्रा, राकेश साहू ,महेंद्र पंडित, चेतन हिंदूजा,उमेश साहू ,हेमंत चंद्राकर, श्यामा साहू, शुभांक मिश्रा,अनीता यादव मोहन पुजारीपवन गजपाल, मिश्रीलाल पटेल ,अमन राव, मोनिका देवांगन,विनय जैन, गौरव मगर, राजीव चंद्राकर सहित आयोजन से जुड़े अनेक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही।तिरंगा यात्रा के दौरान उमड़ा जनसैलाब और बच्चों द्वारा लहराई गई लंबी तिरंगा पट्टी धमतरी में “एक तिरंगा–एक भारत–श्रेष्ठ भारत” की भावना को साकार करती नजर आई। पूरे आयोजन ने स्वतंत्रता दिवस से पूर्व धमतरी में राष्ट्रभक्ति के जोश और जुनून को नई ऊंचाई प्रदान की।
