Uncategorized

हर घर तिरंगा–वंदे मातरम् के तहत धमतरी में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर, भव्य जिला स्तरीय तिरंगा रैली में उमड़ा जनसैलाब

धमतरी- हर घर तिरंगा–वंदे मातरम् थीम के अंतर्गत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभक्ति एवं राष्ट्र गौरव की भावना से ओतप्रोत भव्य जिला स्तरीय तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। यह विशाल तिरंगा रैली म्युनिसिपल स्कूल परिसर से प्रारंभ होकर गौशाला मैदान तक निकाली गई। हाथों में तिरंगा और हृदय में राष्ट्रभक्ति का भाव लिए बड़ी संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, युवा, महिलाएं एवं विभिन्न वर्गों के लोग रैली में शामिल हुए।
रैली के दौरान पूरा मार्ग भारत माता की जय वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से गूंजता रहा। तिरंगे की शान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का यह अद्भुत दृश्य धमतरी शहर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देता नजर आया। रैली में शामिल लोगों ने तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता और गौरव को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। वंदे मातरम् हमारे स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा और राष्ट्रभक्ति की अमर भावना का प्रतीक रहा है। इसके 150 वर्ष पूर्ण होने का अवसर प्रत्येक देशवासी के लिए गौरव और ऐतिहासिक महत्व का है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश के प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से जोड़ने का माध्यम है।
महापौर श्री रोहरा ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अपने राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
महापौर रामू रोहरा ने भव्य तिरंगा रैली को सफल बनाने के लिए रैली में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धमतरीवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया है। यह जनभागीदारी इस बात का प्रमाण है कि धमतरी की जनता के दिलों में राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना सदैव जीवंत है।
उन्होंने सभी से अपील की कि हर घर तिरंगा–वंदे मातरम् के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं और स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के साथ मनाएं।तिरंगा हमारी पहचान है, भारत हमारा गौरव है और राष्ट्रसेवा हमारा संकल्प है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!