Uncategorized

कुकरेल की लाइब्रेरी को सुविधायुक्त बनाने और जर्जर स्कूल भवन के लिए अतिरिक्त कक्षों का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज कुकरेल में संचालित लाइब्रेरी एवं शासकीय माध्यमिक शाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। लाइब्रेरी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुस्तकों को व्यवस्थित ढंग से रखने तथा अध्ययन के लिए आने वाले युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए वीबीजी-राम योजना के तहत प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा।
शासकीय माध्यमिक शाला के निरीक्षण के दौरान शिक्षकों ने कलेक्टर को बताया कि स्कूल के अधिकांश भवन जर्जर हो चुके हैं। इस पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो-तीन अतिरिक्त कक्षों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्कूल में मध्यान्ह भोजन कर रहे बच्चों से बातचीत कर भोजन की गुणवत्ता और उपलब्ध कराए जा रहे भोजन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्कूल परिसर में तैयार किचन गार्डन का भी अवलोकन किया और इसकी सराहना की। उन्होंने बच्चों को भोजन में अधिक से अधिक हरी एवं पौष्टिक सब्जियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने तीसरी, चौथी और पांचवीं कक्षा के बच्चों से आत्मीयता से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनके नाम, पढ़ाई, पसंदीदा विषय और खेलों के बारे में जानकारी ली। बच्चों से बातचीत के दौरान कलेक्टर ने उन्हें चॉकलेट भी वितरित की। बच्चों के साथ सहज संवाद करते हुए उन्होंने पढ़ाई के साथ खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!