सरस्वती शिशु मंदिर आमातालाब में धूमधाम से मना कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव

हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से गूंजा विद्यालय परिसर, राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों ने मोहा मन
धमतरी। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आमातालाब में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। पूरा विद्यालय परिसर ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से गूंज उठा। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा रहे। अध्यक्षता डॉ. प्रदीप शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में रवि शांडिल्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती की गई।
जन्माष्टमी उत्सव में विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीत, नृत्य एवं श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित कार्यक्रमों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं दही हांडी एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मटकी फोड़ के दौरान विद्यालय परिसर जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।
बच्चों को भारतीय संस्कारों से जोड़ते हैं ऐसे आयोजन : महापौर
मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा ने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, सत्य, कर्तव्य, प्रेम और मानवता का संदेश देता है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से बच्चों को अपनी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।महापौर ने बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि “हमेशा अपने माता-पिता का सम्मान करें। घर से बाहर निकलते समय माता-पिता का आशीर्वाद लेकर और ‘राधे-राधे’ बोलकर निकलें। माता-पिता का आशीर्वाद और भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण जीवन में सकारात्मक ऊर्जा देता है।” उन्होंने बच्चों से भारतीय संस्कार, संस्कृति एवं परंपराओं को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पार्षद कुलेश सोनी, तल्लीन पुरी गोस्वामी, कोमल सार्वा, अजीत साहू, मुकेश शर्मा, ऋषिकांत सिन्हा, शिरोमणि घोरपड़े, भंवर लाल देवांगन सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, प्राचार्य श्रीमती खेमीन साहू, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।अंत में भगवान श्रीकृष्ण की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरा आयोजन धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और बाल प्रतिभाओं के सुंदर संगम के रूप में यादगार रहा।
