Uncategorized

भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों ने नामांकन रैली में किया शक्ति प्रदर्शन

बागी व अन्य दलो के प्रत्याशी बिगाड़ सकते है भाजपा कांग्रेस का समीकरण


धमतरी। कल नामांकन फार्म जमा करने के अंतिम दिन भाजपा कांग्रेस के प्रत्याशियों ने नामांकन रैली के रुप में शक्ति प्रदर्शन किया। अब फार्म की स्क्रूटनी के बाद नाम वापसी का समय मिलेगा पश्चात चुनाव चिन्ह का आबंटन कर अंतिम सूची जारी की जाएगी। ज्ञात हो कि कांग्रेस की रैली मकई चौक से निकली जिसमें महापौर प्रत्याशी विजय गोलछा समेत सभी वार्डो के प्रत्याशी और जिलाध्यक्ष शरद लोहाना, विधायक ओंकार साहू, विजय देवांगन, मदन मोहन खंडेलवाल, गोपाल शर्मा, कविता बाबर, हरमिंदर छाबड़ा, आकाश गोलछा आदि शामिल हुए। भाजपा की रैली विंध्यवासिनी मंदिर के पास से निकली जिसमें महापौर प्रत्याशी जगदीश रामू रोहरा के साथ 40 वार्डो के प्रत्याशी और चुनाव संचालक अजय चंद्राकर, रंजना साहू, इंदरचंद चोपड़ा, प्रकाश बैस, निर्मल बरडिया, प्रीतेश गांधी, राजेन्द्र शर्मा, चेतन हिन्दूजा, राजेश शर्मा, महेन्द्र पंडित आदि शामिल थे। नामांकन रैली का जगह जगह स्वागत हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।
इसी प्रकार समाजवादी पार्टी से फिरोज खान, हमर राज पार्टी से महेश रावटे, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी से महेश साहू, निर्दलीय रुपा नागदेवे सरिता असाई, रंजीत छाबड़ा, अवैश हाशमी ने भी महापौर पद के लिए नामांकन फार्म जमा किया। आम आदमी पार्टी से मितेश जैन ने फार्म लिया था लेकिन आखिरी समय में उन्होंने फार्म जमा नहीं किया। पार्षद के लिए 40 वार्डो के लिए 100 से ज्यादा फार्म जमा हुए। अब मान मनौव्वल का दौर चलेगा। बागी व अन्य दलों के प्रत्याशी भाजपा कांग्रेस का गणित बिगाड़ सकते है। खैर अभी नाम वापसी का समय शेष है।
आमापारा वार्ड के कांग्रेस प्रत्याशी ने किया चुनाव लडऩे से इंकार
नामांकन के अंतिम दिन ऐन मौके पर कांग्रेस को झटका लगा। आमापारा वार्ड से कांग्रेस को प्रत्याशी बदलना पड़ा है। कांग्रेस ने पहले विजय पटेल को प्रत्याशी बनाया था, बाद में खबर आई कि उसने चुनाव लडऩे से इंकार कर दिया है। कांग्रेस में हड़कम्प मच गया, आनन-फानन में पूर्व पार्षद मीना बैगा नाग को तैयार कर नामांकन फार्म भराया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!