Uncategorized

मोनिका ऋषभ देवांगन के विशेष प्रयासों से ग्राम अरौद में चिरायु स्वास्थ्य शिविर आयोजित, बच्चों का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

बच्चों में बीमारी की समय पर पहचान ही उन्हें गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है-मोनिका

जिला पंचायत की महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग की सभापति श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन के विशेष प्रयासों से ग्राम अरौद स्थित शासकीय हाई स्कूल में चिरायु योजना (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) के अंतर्गत विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालय में अध्ययनरत 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार, परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन ने स्वयं शिविर में उपस्थित होकर स्वास्थ्य परीक्षण व्यवस्था का अवलोकन किया तथा बच्चों एवं उनके अभिभावकों से चर्चा कर योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य ही विकसित समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव है। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक बच्चे तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिरायु योजना का लाभ पात्र बच्चों तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे, जिससे किसी भी बच्चे का उपचार आर्थिक अभाव के कारण प्रभावित न हो।
चिरायु योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की विशेष मोबाइल मेडिकल टीम, जिसमें चिकित्सक, स्टाफ नर्स एवं फार्मासिस्ट शामिल रहते हैं, द्वारा बच्चों में जन्मजात विकार, हृदय रोग, कटे-फटे होंठ एवं तालू, दृष्टि एवं श्रवण दोष, कुपोषण, एनीमिया, त्वचा रोग तथा अन्य विकासात्मक समस्याओं की जांच की गई। गंभीर बीमारी से प्रभावित बच्चों को आगे के उपचार के लिए उच्च स्तरीय शासकीय अस्पतालों में रेफर करने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की गई। शिविर के दौरान दृष्टि संबंधी समस्या से प्रभावित विद्यार्थियों को निःशुल्क चश्मे भी वितरित किए गए।
श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन ने कहा कि बच्चों में बीमारी की समय पर पहचान ही उन्हें गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अंगिरा ध्रुव, ग्राम सरपंच श्रीमती टिकेश्वरी साहू, संकुल समन्वयक नवीन जाचक, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, चिरायु स्वास्थ्य दल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं पालकगण उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए शासन द्वारा संचालित चिरायु योजना की सराहना करते हुए इसे जनहित की महत्वपूर्ण पहल बताया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!