Uncategorized

22 साल देश की हिफाजत के बाद ताहिर अली की घर वापसी, गांव से शहर तक हुआ भव्य स्वागत

धमतरी में पोस्ट ऑफिस वार्ड की पार्षद चंद्रभागा साहू एवं अंजुमन इस्लामियां कमेटी के पूर्व सदर अशफाक हाशमी व सभी समाज के लोगों ने किया स्वागत

धमतरी। देशसेवा के जज्बे के साथ सेना में 22 वर्षों तक अलग-अलग संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में जिम्मेदारी निभाने वाले नायब सूबेदार सैय्यद ताहिर अली हाशमी सेवानिवृत्त होकर अपने घर लौटे तो गांव से लेकर शहर तक उनका जोरदार स्वागत हुआ। बिहार के अररिया से शुरू हुआ उनका सैन्य सफर जम्मू-कश्मीर, सिक्किम, बिहार, छत्तीसगढ़ के बस्तर समेत करीब सात राज्यों और सीमावर्ती क्षेत्रों तक पहुंचा। कश्मीर के संवेदनशील लाल चौक से लेकर बस्तर के माओवाद प्रभावित क्षेत्र तक उन्होंने साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश की सुरक्षा में योगदान दिया।
पोस्ट ऑफिस वार्ड, आमातालाब रोड धमतरी निवासी ताहिर अली हाशमी मूल रूप से कनेरी (गुरुर) जिला बालोद के रहने वाले हैं। करीब पांच साल से वे और उनका परिवार धमतरी में रह रहे हैं। गांव में संघर्ष करते हुए पढ़ाई करने वाले ताहिर अली को उनके पिता और बड़े भाई ने कॉलेज की पढ़ाई के लिए दुर्ग भेजा था। परिवार चाहता था कि वे अच्छी नौकरी या व्यवसाय करें, लेकिन ताहिर अली का सपना देश की सेवा करना था। पढ़ाई के साथ उन्होंने अपनी फिटनेस पर ध्यान दिया और सेना में भर्ती के लिए लगातार प्रयास करते रहे।छत्तीसगढ़ में सातवें रैंक पर इनका चयन होने पर उन्होंने परिवार को सेना में नियुक्ति की खुशखबरी सरप्राइज के रूप में दी। परिवार ने गर्व के साथ उन्हें देशसेवा के लिए आशीर्वाद देकर रवाना किया।
सेना में चयन के बाद उनकी पहली पोस्टिंग बिहार के अररिया जिले के बथनाहा में हुई। 22 वर्ष के सेवाकाल में उन्होंने करीब सात राज्यों में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील लाल चौक क्षेत्र में ड्यूटी के साथ ही सिक्किम और नेपाल सीमा सहित कई चुनौतीपूर्ण इलाकों में भी उन्होंने देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाई। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में माओवाद विरोधी अभियानों के दौरान भी उन्होंने कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी निभाई।
28वीं वाहिनी अंतागढ़ से नायब सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद ताहिर अली को सेना कैंप में सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसके बाद भानुप्रतापपुर, पुरूर और उनके गृहग्राम कनेरी में लोगों ने स्वागत किया। पुरूर में पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा, मुस्लिम समाज, ग्रामवासियों और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मोटरसाइकिल और वाहनों के काफिले के साथ उन्हें कनेरी ले जाया गया, जहां सरपंच एवं गुरुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ .किशोर साहू ने एवं ताहिर अली के पिता सैय्यद कासम अली व उनके बड़े भाई कांग्रेस कमेटी महामंत्री सादिक अली सहित परिवार और ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद घर-घर श्रीफल और साल भेंटकर सम्मान किया गया।
धमतरी पहुंचने पर पोस्ट ऑफिस वार्ड की पार्षद श्रीमती चंद्रभागा साहू और अंजुमन इस्लामिया कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अशफाक अली हाशमी, पूर्व पार्षद अवैश हाशमी, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष आबिद अली सहित अन्य लोगों ने स्वागत किया। पोस्ट ऑफिस वार्ड में उनकी अम्मी, बहन, परिवार और वार्डवासियों ने फूल-माला, गुलदस्ता और श्रीफल भेंटकर उनका अभिनंदन किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!