Uncategorized

धमतरी में दही हांडी उत्सव 2026 की धूम: रायपुर की जय मां शीतला सोनझरी ग्रुप ने जीती 51 हजार की ट्रॉफी

गोविंदाओं के हैरतअंगेज करतबों से गूंजा धमतरी का घड़ी चौक


धमतरी। शहर के हृदय स्थल घड़ी चौक पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर भव्य दही हांडी उत्सव-2026 का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, अपार उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुआ। श्री राम हिन्दू संगठन, सर्व हिन्दू समाज धमतरी एवं नगरपालिक निगम धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम ने पूरे शहर को उत्सव और भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु, खेल प्रेमी और आम नागरिक घड़ी चौक पर एकत्र हुए, जिससे पूरा क्षेत्र जनसैलाब में बदल गया।
प्रतियोगिता के दौरान दूर-दराज से आई गोविंदा टोलियों के सदस्यों ने अनुशासन, शारीरिक क्षमता और अद्भुत तालमेल का परिचय देते हुए बहुस्तरीय मानव पिरामिड (ह्यूमन पिरामिड) बनाए। हवा में लहराते गोविंदाओं के हैरतअंगेज करतबों को देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। जैसे ही टोली के सदस्य मटकी के करीब पहुंचते, पूरा परिसर श्रद्धालुओं के नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की और जय श्री राम के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठता। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
कड़े मुकाबले के बीच सोनझरी रायपुर की टीम बनी विजेता
दही हांडी फोडऩे के लिए तीन प्रमुख और अनुशासित गोविंदा टोलियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। जय मां शीतला सोनझरी (रायपुर), श्री गोविंदा टोली सांकरा (धमतरी), जय मां शीतला करेंझर (अंबागढ़ चौकी), तीनों ही टीमों ने अत्यधिक ऊंचाई पर बांधी गई दही हांडी तक पहुंचने के लिए साहस और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया। अंतत: जय मां शीतला सोनझरी समिति, रायपुर की टीम ने सफल प्रयास करते हुए प्रतियोगिता का मुख्य खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 51,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि और भव्य विजेता ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
एकल मटकी फोड़ में मुजगहन के घनश्याम अग्रवाल ने बाजी मारी
सामूहिक स्पर्धा के साथ-साथ आयोजित की गई एकल मटकी फोड़ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। इसमें मुजगहन निवासी घनश्याम अग्रवाल ने अपने सटीक निशाने और उत्कृष्ट प्रदर्शन से बाजी मारते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। उन्हें आयोजकों की ओर से 7,100 रुपये की नकद राशि एवं विजेता ट्रॉफी प्रदान की गई।
भक्ति, परंपरा और रोमांच का अद्भुत संगम
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजकों एवं अतिथियों ने विजेताओं को बधाई दी तथा प्रतियोगिता में शामिल हुईं सभी प्रतिभागी टोलियों के अदम्य साहस, समर्पण और खेल भावना की भूरि-भूरि प्रशंसा की। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजन हमारी सनातन सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने और युवाओं में संगठन व उत्साह का संचार करने का कार्य करते हैं। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहे, जिससे शहरवासियों ने निर्विघ्न रूप से भक्ति, परंपरा और रोमांच के इस अनूठे संगम का भरपूर आनंद उठाया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!