धमतरी में अवैध रेत खनन और परिवहन से सड़कों का बुरा हाल- गौतम वाधवानी
अवैध परिवहन में कार्यवाही न होने पर होगा आंदोलन -योगेश शर्मा

जिले में संचालित अवैध रेत खदानों और उनके कारण शहर की बदहाल हो रही सड़कों को लेकर सियासत और जन-आक्रोश दोनों गरमाने लगे हैं। अवैध रेत उत्खनन और भारी वाहनों के अनियंत्रित परिवहन से त्रस्त शहर कांग्रेस कमेटी ने आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से अवैध रेत माफियाओं पर तत्काल नकेल कसने और जर्जर हो चुकी सड़कों को सुधारने की मांग की है। कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में शहर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि धमतरी क्षेत्र और उसके आसपास नियमों को ताक पर रखकर धड़ल्ले से अवैध रेत खदानें संचालित की जा रही हैं। इन खदानों से दिन-रात ओवरलोड ट्रक और ट्रैक्टर शहर के बीच से होकर गुजर रहे हैं। भारी वाहनों के इस अनियंत्रित आवागमन के कारण शहर की जीवनदायिनी मानी जाने वाली सिहावा रोड पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आए दिन राहगीर और दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। धूल के गुबार से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों का जीना मुहाल हो गया है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ब्लॉक अध्यक्ष गौतम वधवानी, योगेश शर्मा ने कहा कि धमतरी में प्रशासनिक अधिकारियों की नाक के नीचे अवैध उत्खनन का खेल चल रहा है, लेकिन खनिज विभाग और स्थानीय प्रशासन मौन साधे बैठा है। यदि समय रहते इन अवैध खदानों को बंद नहीं किया गया और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक नहीं लगाई गई, तो शहर कांग्रेस आम जनता को साथ लेकर उग्र आंदोलन और चक्काजाम करने के लिए इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष गौतम वाधवानी, ब्लॉक अध्यक्ष योगेश शर्मा, देवेंद्र देवांगन, जैनुद्दीन रिज़वी, दीपक साहू, मोहन ध्रुव, शंकर माखीजा, राजू कुरैशी, गोपाल कामड़े, हेमंत सेन,अकील अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे