Uncategorized

युवाओं को मिलेगा विकसित भारत का विजन रखने का मौका, 30 सितंबर तक क्विज में करें सहभागिता

माय भारत पोर्टल पर जारी है 20 सवालों की प्रश्नोत्तरी

बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवा पहुंचेंगे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता तक

धमतरी- विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ का आयोजन चार चरणों में किया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रथम चरण में माय भारत पोर्टल पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता शुरू हो चुकी है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रश्नोत्तरी से संबंधित पोस्टर का विमोचन करते हुए जिले के पात्र युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इसमें भाग लेने की अपील की है।
जिला युवा अधिकारी श्रीमती श्रुति डोंगरे ने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के माय भारत पोर्टल पर पंजीकृत युवा इस प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं। प्रश्नोत्तरी में सामान्य ज्ञान पर आधारित 20 प्रश्न पूछे गए हैं, जिन्हें हल करने के लिए प्रतिभागियों को 10 मिनट का समय मिलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
क्विज से राष्ट्रीय मंच तक पहुंचेगा युवा नेतृत्व
प्रश्नोत्तरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं का चयन आगे निबंध लेखन प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। निबंध प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अवसर मिलेगा। वहीं राज्य स्तर पर चयनित युवा राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता करते हुए प्रधानमंत्री के समक्ष विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त करेंगे।
यह पहल युवाओं की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और नवाचारपूर्ण विचारों को मंच देने के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से सीधे जोड़ने का प्रयास है। जिला प्रशासन ने पात्र युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाते हुए अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।
ऐसे करें सहभागिता- इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कर प्रश्नोत्तरी में शामिल हो सकते हैं। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी के लिए जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, धमतरी से मोबाइल नंबर 62685-20889 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!