Uncategorized

महापौर रामू रोहरा के प्रयासों से धमतरी में फोरलेन क्रांति

नहर नाका से जवरगांव तक 68 करोड़ की लागत से बनेगी फोरलेन सड़क, धमतरी को चारों दिशाओं से फोरलेन कनेक्टिविटी देने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि

धमतरी। धमतरी में विकास की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। शहर और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी देने की दिशा में एक के बाद एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में नहर नाका से जवरगांव तक करीब 68 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क निर्माण की जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इस सड़क के निर्माण से धमतरी शहर से जवरगांव क्षेत्र तक आवागमन सुगम होने के साथ ही यातायात का दबाव भी कम होगा।
महापौर रामू रोहरा ने इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कलेक्टर मिश्रा, लोक कर्म विभाग के ई ई चहल द्वारा भी अथक प्रयास किया जा रहा है।धमतरी को आधुनिक, सुव्यवस्थित और बेहतर सड़क नेटवर्क वाला शहर बनाना उनकी प्राथमिकता है। आने वाले समय में शहर के चारों दिशाओं में फोरलेन सड़कों का विस्तार होने से धमतरी की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेंगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें केवल आवागमन को आसान नहीं बनातीं, बल्कि व्यापार, रोजगार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति देती हैं।
उन्होंने कहा कि नहर नाका से जवारगांव तक फोरलेन सड़क बनने से इस क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। शहर के बढ़ते यातायात और भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए चौड़ी और व्यवस्थित सड़कों का निर्माण समय की आवश्यकता है। सरकार के सहयोग से धमतरी में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है और आने वाले दिनों में कई बड़ी परियोजनाएं धरातल पर दिखाई देंगी।
महापौर ने कहा कि धमतरी को चारों दिशाओं से फोरलेन सड़कों से जोड़ने का लक्ष्य अब धीरे-धीरे साकार होता दिखाई दे रहा है। शहर में सड़क, पानी, नाली, स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी सोच और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास से धमतरी को एक आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।
नहर नाका-जवारगांव फोरलेन परियोजना को धमतरी के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए महापौर ने कहा कि विकास का यह सिलसिला रुकने वाला नहीं है। धमतरी में आने वाले समय में बड़े पैमाने पर अधोसंरचना विकास देखने को मिलेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!