जागृति अभियान जारी, चौथे सप्ताह 800 से अधिक नागरिक हुए जागरूक
महिलाओं एवं छात्राओं को स्मार्टफोन प्राइवेसी, सोशल मीडिया सुरक्षा और ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय

छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के चौथे सप्ताह (06 से 12 सितंबर) में पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं राजपत्रित अधिकारियों के मार्गदर्शन में धमतरी पुलिस द्वारा महिलाओं, छात्राओं एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में 10 सितंबर को अर्जुनी, रूद्री, भखारा, मगरलोड, बिरेझर, केरेगांव, अकलाडोंगरी, नगरी, सिहावा एवं बोरई थाना/चौकी क्षेत्रों के ग्रामीण इलाकों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में 800 से अधिक नागरिकों ने सहभागिता कर साइबर सुरक्षा की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
महिलाओं एवं छात्राओं को फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन उत्पीड़न एवं आपत्तिजनक संदेशों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि होने पर डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने और तत्काल पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।
*साइबर ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल*
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। साथ ही नजदीकी थाना/साइबर सेल को सूचना दें। समय पर शिकायत मिलने से ठगी गई राशि को रोकने एवं आवश्यक कार्रवाई में पुलिस को मदद मिल सकती है।