Uncategorized

सौर ऊर्जा आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने सोलर दीदियों की भूमिका पर बैठक सह-कार्यशाला

वेंडर एवं हितग्राही पंजीयन की प्रक्रिया, पात्रता और कार्ययोजना पर दिया गया मार्गदर्शन

 

वेंडर एवं हितग्राही पंजीयन की प्रक्रिया, पात्रता और कार्ययोजना पर दिया गया मार्गदर्शन

धमतरी- ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक पात्र ग्रामीण हितग्राहियों को सौर ऊर्जा से संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिला पंचायत धमतरी के सभाकक्ष में आजीविका मिशन बिहान अंतर्गत ‘सोलर दीदी’ के वेंडर एवं हितग्राही पंजीयन के संबंध में बैठक सह-कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धमतरी जयंत नाहटा के निर्देशन में आयोजित हुई। कार्यशाला सेवक संकल्प अभियान अंतर्गत आयोजित हुई ।
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आयोजित कार्यशाला में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी गई । साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा आधारित गतिविधियों के विस्तार, सोलर दीदियों की भूमिका को प्रभावी बनाने तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय स्तर पर सौर ऊर्जा से संबंधित उत्पादों एवं सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने में सोलर दीदियां महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर सकती हैं। इससे ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ एवं वैकल्पिक ऊर्जा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ महिलाओं के लिए आजीविका एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित किए जा सकते हैं।
कार्यपालन अभियंता सीएसपीडीसीएल अनिल सोनी ने बैठक में सोलर दीदी के वेंडर पंजीयन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पंजीयन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां तथा सोलर उत्पाद एवं सेवा प्रदाता के रूप में कार्य करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा से संबंधित उत्पादों एवं सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने में सोलर दीदियों की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई।
हितग्राही पंजीयन के संबंध में पात्रता, आवश्यक दस्तावेज तथा पंजीयन की प्रक्रिया समझाई गई। ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीयन के दौरान आने वाली व्यवहारिक समस्याओं, उनके समाधान तथा प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने सोलर दीदियों से ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर योजनाओं की जानकारी पात्र परिवारों तक पहुंचाने और उन्हें समय पर पंजीयन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा निर्देशन और मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा के मार्ग दर्शन में आगामी चरण के लिए वेंडर एवं हितग्राही पंजीयन के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु कार्ययोजना तैयार करने तथा संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य केवल पंजीयन प्रक्रिया को गति देना ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्थानीय स्तर पर सोलर सेवाओं की उपलब्धता मजबूत करना और महिला समूहों को सौर ऊर्जा आधारित आजीविका गतिविधियों से जोड़ना भी है। सौर ऊर्जा के विस्तार से ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा का विकल्प मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों को उनके सहभागिता एवं प्रशिक्षण के लिए प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, महिला संकुल प्रतिनिधि, संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं सोलर दीदियां उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!