विद्यार्थी देश के भविष्य हैं और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है- रामू रोहरा
सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड स्तरीय चित्र प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित

महापौर रामू रोहरा ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
धमतरी- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय चित्र प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन मेनोनाइट इंग्लिश स्कूल, धमतरी में उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर जगदीश रामू रोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद सहित जनप्रतिनिधिगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सामाजिक, राष्ट्रीय एवं समसामयिक विषयों पर आधारित आकर्षक चित्रों का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही आयोजित भाषण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए अपनी प्रतिभा एवं अभिव्यक्ति क्षमता का परिचय दिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत चित्रों में उनकी कल्पनाशीलता, रचनात्मक सोच और सामाजिक सरोकारों की झलक देखने को मिली।
मुख्य अतिथि महापौर जगदीश रामू रोहरा ने प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनकी रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति, खेलकूद, भाषण एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
महापौर ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और अवसर प्रदान करने की है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर मिलता है और उनमें प्रतियोगिता की भावना के साथ आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी विकसित होता है।
विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश के भविष्य हैं और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं जनप्रतिनिधियों ने भी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं। विद्यालय परिसर में पूरे आयोजन के दौरान उत्साह एवं उमंग का माहौल बना रहा।इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि एवं आयोजन से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।
