सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता आयोजित
बीसीएस शासकीय स्नाकोत्तर महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

धमतरी- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बीसीएस स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धमतरी में जिला स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और रंग-बिरंगे रंगों से आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर जगदीश रामू रोहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, पोस्ट ऑफिस वार्ड की पार्षद श्रीमती चंद्रभागा साहू, महाविद्यालय के प्राचार्य विनोद पाठक सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि महापौर जगदीश रामू रोहरा ने प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं की कला एवं रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और सृजनात्मक सोच को मंच प्रदान करते हैं। रंगोली भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके माध्यम से सामाजिक संदेशों को भी प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता से जुड़े विषयों को रंगोली के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों ने आकर्षक रंग संयोजन, सुंदर डिजाइनों और रचनात्मक संदेशों के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन किया। उपस्थित अतिथियों एवं महाविद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस जिला स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही समाज में सकारात्मक संदेश देने का अवसर प्रदान किया।
