यातायात व्यवस्था सुधारने मैदान में उतरेंगे एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड के 250 विद्यार्थी
चौक-चौराहों पर पुलिस के साथ लोगों को करेंगे जागरूक, नियमों का पालन करने वालों का जताएंगे आभार

धमतरी- जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने जनभागीदारी आधारित नई पहल शुरू की है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल पर अब एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और रेडक्रॉस से जुड़े लगभग 250 विद्यार्थी पुलिस एवं यातायात जवानों के साथ मिलकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेंगे। इस अभियान में विद्यार्थियों की भागीदारी से नियमों के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने के साथ सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया जाएगा।
इस संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए कहा कि अभियान को सफल बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने बताया कि शहर के चौक-चौराहों पर पुलिस और यातायात जवानों के साथ विद्यार्थी भी तैनात रहेंगे। वे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को नियमों की जानकारी देकर जागरूक करेंगे, वहीं नियमों का पालन करने वाले नागरिकों का आभार भी जताएंगे। इससे लोगों में यातायात अनुशासन के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी।
18 वर्ष से कम उम्र के विद्यार्थियों के वाहन चलाने पर रहेगा जोर
कलेक्टर ने सभी स्कूलों में यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि 18 वर्ष से कम उम्र के विद्यार्थी वाहन लेकर स्कूल न आएं। इसके साथ ही आगामी नवरात्रि के दौरान मंदिरों और दुर्गा पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति भी विद्यार्थियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
जनप्रयास पोर्टल से भी जुड़ेंगे युवा
बैठक में कलेक्टर ने जिला प्रशासन की ओर से शुरू किए गए जनप्रयास पोर्टल की जानकारी देते हुए युवाओं से इस पर पंजीयन कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि पोर्टल के माध्यम से जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। साथ ही पंजीकृत प्रतिभागियों को जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र भी मिलेंगे।
समाजसेवी संस्थाओं को जोड़ने पर जोर
यातायात जागरूकता अभियान को व्यापक स्वरूप देने के लिए रोटरी क्लब, लायंस क्लब सहित जिले की अन्य समाजसेवी संस्थाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी इससे जोड़ने पर चर्चा की गई। बैठक में एसडीएम डॉ. कल्पना ध्रुव, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी, सहायक संचालक शिक्षा यदुनंदन वर्मा सहित विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।
