एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय कुरूद में नशामुक्ति एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
डॉ. हीरा महावर ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से कराया अवगत, स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए किया प्रेरित

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को सामाजिक बुराइयों तथा आधुनिक तकनीक के दुरुपयोग से बचाने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज थाना कुरूद पुलिस द्वारा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कुरूद में नशामुक्ति जागरूकता एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना, उनमें सकारात्मक जीवनशैली विकसित करना तथा बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सजग बनाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. हीरा महावर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, पारिवारिक जीवन एवं सामाजिक प्रतिष्ठा पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। नशे की प्रवृत्ति से दूर रहकर ही व्यक्ति अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है और एक स्वस्थ एवं बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, अच्छी आदतें अपनाने, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा अपने जीवन में अनुशासन और सकारात्मक सोच को महत्व देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यार्थियों से स्वयं नशामुक्त रहने और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
*साइबर अपराधों से बचाव के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक*
कार्यक्रम के दौरान साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ते ऑनलाइन अपराधों एवं साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। उन्हें ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्कता बरतने, अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी एवं यूपीआई पिन साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की समझाइश दी गई।
विद्यार्थियों को बताया गया कि साइबर अपराधी लोगों को झांसे में लेकर उनकी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। इसलिए किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी संदेश अथवा ऑनलाइन लालच के प्रति सतर्क रहना आवश्यक है। किसी भी प्रकार की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने तथा साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
▪️*सामुदायिक पुलिसिंग के जरिए जागरूकता पर जोर*
धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को जागरूक कर सुरक्षित, स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने, तकनीक का सही उपयोग करने तथा साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया जा रहा है।
धमतरी पुलिस की अपील है कि विद्यार्थी अपने भविष्य के प्रति सजग रहें, नशे से दूर रहें, साइबर सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित पुलिस थाने को दें। जागरूकता एवं सतर्कता ही नशामुक्त समाज और साइबर अपराधमुक्त वातावरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. हीरा महावर, एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा, थाना प्रभारी कुरूद निरीक्षक कमलेश ठाकुर, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।