Uncategorized

आमदी में मंगलिक भवन निर्माण के लिए 99.95 लाख रुपये स्वीकृत, नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति साहू ने जताया आभार

धमतरी। नगर पंचायत आमदी के विकास को गति देते हुए वार्ड क्रमांक 01 में डॉ. बी.आर. अंबेडकर सर्वसमाज मांगलिक भवन के निर्माण के लिए राज्य प्रवर्तित योजना के अंतर्गत 99.95 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्वीकृति से क्षेत्र के नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
नगर पंचायत आमदी की अध्यक्ष ज्योति साहू ने इस महत्वपूर्ण कार्य की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं धमतरी महापौर रामू रोहरा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्हानें कहा कि ग्रामवासी बहुत समय से इसकी मांग कर रहे थे। जिसे पूरा कराने में महापौर रामू रोहरा का बहुत बड़ा योगदान रहा।
ज्योति साहू ने कहा कि मांगलिक भवन का निर्माण आमदी के नागरिकों के लिए उपयोगी साबित होगा। इस भवन के बनने से विभिन्न समाजों को शादी-विवाह, सामाजिक सम्मेलनों, पारिवारिक कार्यक्रमों एवं अन्य सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। इससे नागरिकों को कार्यक्रमों के आयोजन में सहूलियत मिलेगी और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। नगर पंचायत आमदी में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा विकास कार्यों के लिए दी जा रही स्वीकृतियों से नगर के विकास को नई दिशा मिलेगी।
अध्यक्ष ज्योति साहू ने कहा कि वे आमदी के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी और नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!