Uncategorized

धमतरी में पटवारियों की हुंकार: गांधी मैदान में डटे आंदोलनकारियों को मिला कांग्रेस अध्यक्ष, विधायक व पूर्व विधायकों का साथ, मांगों को बताया जायज

अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर धमतरी जिला पटवारी संघ द्वारा शुरू की गई अनिश्चितकालीन हड़ताल को अब व्यापक राजनीतिक समर्थन मिलने लगा है। इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के पदाधिकारियों, विधायक, पूर्व विधायक, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने आंदोलन स्थल गांधी मैदान पहुंचकर पटवारियों की मांगों का पुरजोर समर्थन किया। कांग्रेस नेताओं ने धरना प्रदर्शन में शामिल होकर पटवारियों की जायज मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग शासन से की है। आंदोलन स्थल पर पटवारियों को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि राजस्व विभाग की रीढ़ कहे जाने वाले पटवारी लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्षरत हैं। पटवारियों के हड़ताल पर जाने से आम जनता, विशेषकर किसानों और छात्र-छात्राओं को जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र तथा राजस्व संबंधी अन्य कार्यों के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद शासन द्वारा उनकी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार नहीं किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। विधायक ओंकार साहू नें कहा कि पटवारी राजस्व प्रशासन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो जमीनी स्तर पर आम जनता और सरकार के बीच सेतु का काम करते हैं। उन्होंने शासन पर निशाना साधते हुए कहा कि पटवारियों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और सरकार को हठधर्मिता छोड़कर तुरंत संवाद स्थापित करना चाहिए। विधायक साहू ने भरोसा दिलाया कि वे पटवारियों की इन मांगों और उनकी आवाज को विधानसभा तक मजबूती से पहुंचाएंगे। कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि वे इस हक की लड़ाई में पूरी तरह से पटवारी संघ के साथ खड़ी है। पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, यह अनिश्चितकालीन आंदोलन और क्रमिक धरना प्रदर्शन गांधी मैदान में इसी तरह जारी रहेगा। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी, विधायक ओंकार साहू, पूर्व विधायक लेखराम साहू, जिला संगठन महामंत्री अरविंद दोषी, जिला उपाध्यक्ष सलीम रोकडिया, जिला महामंत्री आकाश गोलछा, उपनेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, सेवादल जिला अध्यक्ष होरीलाल साहू, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष हितेश गंगवीर, शैलेन्द्र दीवान, अंबर चंद्राकर, सूरज पासवान, हेमलाल बंजारे, नवीन गजेंद्र, मोहन देवांगन, मोहन ध्रुव, चंदू साहू, चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में पटवारी संघ के सदस्य, राजस्व कर्मी और कांग्रेस कमेटी के स्थानीय पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!