Uncategorized

पं. महाजन की स्मृति में 25 को सजेगी संगीत निशा

शरद पूर्णिमा पर सुर, ताल और कथक की होगी त्रिवेणी, जयपुर और दिल्ली के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां

धर्मप्रेमी एवं समाजसेवी पंडित राजेश शर्मा होंगे मुख्य अतिथि

धमतरी । शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर 25 अक्टूबर को लययात्रा इंटरनेशनल के तत्वावधान में संगीत और नृत्य की विशेष संध्या संगीत निशा का आयोजन किया जाएगा। पंडित जगन्नाथ राव महाजन की स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम रविवार को रात्रि 7 बजे से महालक्ष्मी ग्रीन, धमतरी में होगा। इसमें स्थानीय कलाकारों के साथ जयपुर और दिल्ली से आमंत्रित कलाकार शास्त्रीय संगीत, तबला वादन और कथक नृत्य की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ आर्यांश राज गंजीर की सरस्वती वंदना से होगा। इसके बाद वीरेंद्र साहू के निर्देशन में जयांशु वैष्णव एवं साथी राग खमाज पर आधारित सुगम गीत प्रस्तुत करेंगे। तबला वादन में मदन मोहन दास और रविकांत गजेन्द्र अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, सुगम संगीत के अंतर्गत खिलेंद्र साहू एवं अशोक सिन्हा भजन और गजल की प्रस्तुतियां देंगे। संगीत निशा में अंतरराष्ट्रीय तबला वादक डॉ. अंकित पारीक का वादन विशेष आकर्षण रहेगा। उनके साथ बाल कलाकार मास्टर शुभांकित पारीक और युवा तबला वादक मृदुल पारीक भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का समापन अंतरराष्ट्रीय कथक नृत्यांगना डॉ. तरुण जागीड पारीक की प्रस्तुति से होगा। वे कथक के जयपुर घराने की विशिष्टताओं और उसकी पारंपरिक नृत्य शैली को मंच पर प्रस्तुत करेंगी। समारोह में धर्मप्रेमी एवं समाजसेवी पंडित राजेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। श्रीकृष्ण संगीत महाविद्यालय के संस्थापक पीबी पराड़कर कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जबकि श्यामसुंदर सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन पंडित जगन्नाथ राव महाजन की स्मृति को नमन करने के साथ भारतीय शास्त्रीय संगीत, ताल और नृत्य परंपरा को प्रोत्साहित करने का अवसर भी होगा। कार्यक्रम के समापन पर शरद पूर्णिमा की खीर का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!