Uncategorized

वोट बचाओ–देश बचाओ महारैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें – हरमीत सिंह होरा

धमतरी। नागरिक सहकारी बैंक अध्यक्ष हरमीत सिंह होरा ने कांग्रेस द्वारा 1 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित वोट बचाओ–देश बचाओ महारैली में अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेसजनों एवं लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले नागरिकों से शामिल होने की अपील की है। कांग्रेस द्वारा यह महारैली मताधिकार, लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान की रक्षा के मुद्दे को लेकर आयोजित की जा रही है।
हरमीत सिंह होरा ने कहा कि आज देश के सामने लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा का महत्वपूर्ण सवाल है। मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट के अधिकार से जुड़े सवालों को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है। ऐसे समय में दिल्ली की यह महारैली लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और एकजुटता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कहा कि सरकार पर महारैली को कमजोर करने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आरोप है। कांग्रेसजनों के अनुसार, दिल्ली जाने के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था नहीं की गई है और यात्रा के अन्य विकल्पों में भी बाधाएं सामने आ रही हैं। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का संकल्प अडिग है और वे अपने-अपने साधनों से दिल्ली पहुंचकर महारैली को सफल बनाएंगे।
होरा ने कहा कि लोकतंत्र केवल सरकार बनाने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों और संविधान की रक्षा का आधार है। राहुल गांधी जी के नेतृत्व में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की आवाज को और मजबूती देने की आवश्यकता है। हमारी आवाज लोकतंत्र की आवाज है और इसे किसी भी दबाव में कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने छत्तीसगढ़ सहित देशभर के कांग्रेसजनों, युवाओं, किसानों, श्रमिकों, महिलाओं एवं लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले नागरिकों से 1 नवंबर को रामलीला मैदान पहुंचकर “वोट बचाओ–देश बचाओ” के संकल्प को मजबूत करने की अपील की हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!