चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर: धमतरी जिले के सभी स्कूलों में कल 29 अक्टूबर को भी अवकाश घोषित
शासकीय, निजी सभी शैक्षणिक संस्थानों में एक दिन की छुट्टी विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए कल भी बंद रहेंगे जिले के सभी स्कूल-कॉलेज

धमतरी-मौसम विभाग द्वारा बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को लेकर जारी चेतावनी के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने जिले के समस्त शैक्षणिक संस्थानों में एक दिवसीय अवकाश की घोषणा की है।
कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, धमतरी द्वारा आज दिनांक 28/10/2026 को जारी आदेश क्रमांक ESTB-1027/2221/2026-DEO DMT/ के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव तथा आगामी दिनों में अति वर्षा की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार आने वाले दिनों में चक्रवाती तूफान एवं अति बारिश की स्थिति बन सकती है, जिससे विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में कठिनाई होने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो सकता है। इसे देखते हुए दिनांक 29.10.2026, दिन गुरुवार को धमतरी जिले के समस्त शैक्षणिक संस्थानों (शासकीय/ अशासकीय/ अनुदान प्राप्त) में एक दिवस का अवकाश घोषित किया जाता है।यह आदेश कलेक्टर महोदय द्वारा अनुमोदित है। गौरतलब है कि मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।बता दे कि आज 28 अक्टूबर को भी अवकाश घोषित किया गया था.
