Uncategorized

विहंगम योग संत समाज के रक्तदान शिविर में महापौर रामू रोहरा हुए शामिल

संत श्री विज्ञान देव जी महाराज के जन्मोत्सव पर आयोजित शिविर में करीब 100 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान

धमतरी। विहंगम योग संत समाज के तत्वावधान में स्वर्वेद कथा के प्रवर्तक संत श्री विज्ञान देव जी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर विश्वव्यापी रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में धमतरी जिला मुख्यालय स्थित मानस सेवा ब्लड एवं कंपोनेंट सेंटर में विहंगम योग संत समाज, जिला धमतरी द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें करीब 100 रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धमतरी नगर निगम के महापौर जगदीश रामू रोहरा शामिल हुए।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और मानवता की सेवा का सबसे श्रेष्ठ माध्यम है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना बेहद आवश्यक है।
महापौर ने कहा कि संत-महात्माओं के जन्मोत्सव को सेवा और जनकल्याण के कार्यों से जोड़ना समाज के लिए प्रेरणादायी है। विहंगम योग संत समाज द्वारा आयोजित यह शिविर मानवता, सेवा, सहयोग और परोपकार की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी लोगों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्यों से प्रेरणा लेकर अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
शिविर में समाज के सदस्यों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। करीब 100 लोगों द्वारा रक्तदान किया जाना समाज की सेवा भावना और जनहित के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
कार्यक्रम में हेमलाल चक्रधारी, उमेश साहू प्रदेश प्रचार मंत्री, टिकेश्वर साहू, श्रीमती माहेश्वरी चक्रधारी, मोना बघेल, अर्चना बघेल, लक्ष्मी साहू, नारायण साहू, परमेश्वर साहू, उमेश साहू आमदी, महेंद्र साहू, वेदराम साहू जिला संयोजक, तरुण साहू सहित विहंगम योग संत समाज के सदस्य एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!