140 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ युवक गिरफ्तार, स्कूटी सहित 42,800 रूपये का मशरूका जब्त
आरोपी से गहन पूछताछ जारी, मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों एवं पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अधीक्षक धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों एवं प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मराठापारा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 140 नग नाइट्राजेपाम टैबलेट (Nitrosun-10) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नशीली टैबलेट के परिवहन में प्रयुक्त जुपिटर स्कूटी सहित कुल 42,800 रूपये का मशरूका जब्त किया है।
थाना सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मराठापारा क्षेत्र में एक युवक प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के अवैध परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त है। सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से हरे रंग की पॉलीथीन में रखी 14 स्ट्रिप में कुल 140 नग एनआरएक्स नाइट्राजेपाम टैबलेट्स आईपी (Nitrosun-10) बरामद की गईं। औषधि निरीक्षक श्री सुमीत देवांगन द्वारा मौके पर भौतिक सत्यापन किए जाने पर टैबलेट का कुल वजन 1.4 ग्राम पाया गया। पुलिस ने नशीली टैबलेट के परिवहन में प्रयुक्त जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG-03-AM-0310 को भी जब्त किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशेष शर्मा, पिता संतोष शर्मा, 22 वर्ष, निवासी मराठापारा, धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन में आरोपी ने उक्त नशीली टैबलेट कहां से प्राप्त करता था उसके बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
प्रकरण में इससे जुड़े कड़ी की भी तलाश की जा रही है तथा मामले में आगे की विवेचना जारी है।