दानीटोला में 10.68 लाख रुपये से बनेगा झिरिया साहू समाज का किचन भवन
महापौर रामू रोहरा ने किया भूमिपूजन, सामाजिक आयोजनों में मिलेगी बेहतर सुविधा; समाजजनों ने महापौर का जताया आभार

धमतरी- महिमा सागर वार्ड अंतर्गत दानीटोला स्कूल के पीछे स्थित झिरिया साहू समाज भवन परिसर में 10.68 लाख रुपये की लागत से बनने वाले किचन भवन का भूमिपूजन महापौर जगदीश ‘रामू’ रोहरा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
किचन भवन के निर्माण से समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों में भोजन व्यवस्था के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इस विकास कार्य से समाजजनों को काफी सहूलियत मिलेगी। लंबे समय से सामाजिक आयोजनों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार की जरूरत महसूस की जा रही थी, जिसे ध्यान में रखते हुए यह निर्माण कार्य महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस अवसर पर समाजजनों ने विकास कार्य की सौगात देने के लिए महापौर का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता झिरिया साहू समाज दानीटोला के अध्यक्ष श्री कोमल राम साहू ने की। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में युगल किशोर यादव, अज्जू देशलहरे (पार्षद, दानीटोला वार्ड), गणेश राम साहू (अध्यक्ष, जिला साहू संघ धमतरी), श्रीमती चन्द्रभागा युगलकिशोर साहू (पार्षद एवं अध्यक्ष, तहसील साहू संघ शहर धमतरी) तथा पवन गजपाल (अध्यक्ष, भाजपा शहर मंडल धमतरी) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में श्री विजय साहू, डॉ. रामकुमार साहू, मदन साहू, अशोक सिन्हा एल्डरमैन, विमल कुमार साहू, बंशीलाल साहू एवं किशन लाल साहू शामिल रहे।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि सामाजिक भवन समाज की एकता, आपसी भाईचारे और परंपराओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे भवन केवल आयोजन स्थल नहीं, बल्कि समाज के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने और सामूहिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का माध्यम भी होते हैं। किचन भवन के निर्माण से सामाजिक कार्यक्रमों में भोजन तैयार करने एवं वितरण की व्यवस्था अधिक सुगम होगी। इससे समाज के लोगों को विभिन्न आयोजनों के दौरान बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
महापौर ने कहा कि शहर के विकास के साथ-साथ सामाजिक सुविधाओं का विस्तार करना भी आवश्यक है। जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे समाज की आवश्यकताओं को समझें और उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाएं। धमतरी नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विकास के साथ सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि समाज की प्रगति में सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। समाज के सभी वर्गों को मिलकर अपनी परंपराओं, संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना चाहिए। सामुदायिक भवनों में होने वाले कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
महापौर ने विश्वास व्यक्त किया कि किचन भवन का निर्माण पूर्ण होने के बाद झिरिया साहू समाज के लोगों को विवाह, सामाजिक सम्मेलनों, पारिवारिक आयोजनों एवं अन्य सामुदायिक कार्यक्रमों में सुविधा मिलेगी। उन्होंने निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने और समाजहित में इसका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने की बात कही।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि किचन भवन की सौगात मिलने से समाज की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता पूरी होगी। इससे आयोजनों के दौरान भोजन व्यवस्था करने में होने वाली परेशानियां कम होंगी और कार्यक्रमों का संचालन अधिक व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा। उन्होंने इस पहल के लिए महापौर एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
