Uncategorized

अधिवक्ता परिवार पर हमला न्याय व्यवस्था पर सीधा प्रहार— शत्रुहन सिंह साहू


धमतरी। स्टेट बार काउंसिल ऑफ छत्तीसगढ़ के नव-निर्वाचित सदस्य अधिवक्ता शत्रुहन सिंह साहू द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर 15 नवम्बर की रात अंबिकापुर में अधिवक्ता परिवार पर हुए हमले को अत्यंत गंभीर, निंदनीय और न्याय व्यवस्था की गरिमा पर सीधा प्रहार बताते हुए कहा कि अधिवक्ता राजेश तिवारी के पुत्र राहुल तिवारी के साथ गांधीनगर थाना क्षेत्र में पदस्थ आरक्षक एवं उसके भाइयों द्वारा मारपीट की गई। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे अधिवक्ता राजेश तिवारी और उनकी पत्नी पर भी आरक्षक, उसके भाई तथा अन्य दो व्यक्तियों ने हमला किया, जो न केवल कानून के विरुद्ध है, बल्कि नागरिकों व अधिवक्ताओं की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न उठाता है। उन्होंने कहा, अधिवक्ता परिवार पर हुआ यह हमला केवल एक परिवार पर अत्याचार नहीं, बल्कि पूरी न्यायिक प्रणाली की पवित्रता और गरिमा पर सीधा और खतरनाक प्रहार है। अधिवक्ता श्री साहू ने गृह मंत्रालय एवं शासन-प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए घटना की उच्च स्तरीय, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कर दोषी आरक्षकों और उनके साथियों को तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई के दायरे में लाने की मांग की। अधिवक्ता शत्रुहन सिंह साहू ने पीडि़त अधिवक्ता परिवार को हर स्तर पर सुरक्षा, सहयोग और न्याय की पूर्ण गारंटी सरकार द्वारा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए छत्तीसगढ़ में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए एक व्यवस्थित, मजबूत और प्रभावी सुरक्षा नीति लागू करने पर जोर दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!