राष्ट्रीय एकता दिवस पर धमतरी पुलिस की भव्य पहल: सद्भावना दौड़ के जरिए दिया एकता, अखंडता एवं राष्ट्रसेवा का संदेश, युवाओं ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
पुलिस लाइन रुद्री में आधुनिक हथियारों एवं एम्युनिशन का विशेष प्रदर्शन: एनसीसी कैडेट्स एवं डिफेंस अकादमी के विद्यार्थियों ने करीब से जानी पुलिस की तकनीकी क्षमता एवं कार्यप्रणाली

रन फॉर यूनिटी के साथ रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन: सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों एवं ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को युवाओं ने रंगों से किया जीवंत
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर धमतरी पुलिस द्वारा राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव एवं राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सद्भावना दौड़ (रन फॉर यूनिटी), आधुनिक हथियारों का तकनीकी प्रदर्शन एवं भव्य रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें एनसीसी कैडेट्स, डिफेंस अकादमी के विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन एवं उप पुलिस अधीक्षक यशकरण दीप ध्रुव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कार्यालय धमतरी से सद्भावना दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ हुआ। दौड़ निर्धारित मार्ग से होते हुए पुलिस लाइन धमतरी (रुद्री) पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान युवाओं ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं ऊर्जा के साथ सहभागिता करते हुए देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े, प्रशिक्षु सूबेदार टोपेश्वर सिंह राजपूत, सउनि. रामावतार राजपूत सहित पुलिस अधिकारी- कर्मचारी, डिफेंस अकादमी के प्रशिक्षकगण, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
*पुलिस लाइन में आधुनिक हथियारों एवं तकनीकी संसाधनों से रूबरू हुए युवा*
सद्भावना दौड़ के समापन के पश्चात पुलिस लाइन रुद्री में एनसीसी कैडेट्स एवं डिफेंस अकादमी के छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक हथियारों एवं एम्युनिशन का विशेष तकनीकी परिचय एवं जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
इस दौरान पुलिस बल द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा संबंधी दायित्वों के निर्वहन में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न आधुनिक हथियारों, गोला-बारूद एवं सुरक्षा उपकरणों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया। पुलिस अधिकारियों एवं प्रशिक्षित कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को हथियारों की संरचना, विशेषताओं, उपयोगिता, कार्यप्रणाली एवं सुरक्षित रख-रखाव के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने पुलिस के आधुनिक संसाधनों को करीब से देखा और उनकी तकनीकी विशेषताओं को समझा। साथ ही अपनी जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों के माध्यम से पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
*रंगोली प्रतियोगिता में रंगों के माध्यम से साकार हुआ ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश*
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भव्य रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा एवं कल्पनाशीलता का परिचय देते हुए आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। रंगों से सजी इन कलाकृतियों ने राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता का प्रेरक संदेश दिया।
*युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं देशसेवा की भावना विकसित करना उद्देश्य*
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के महत्व से जोड़ने के साथ उनमें अनुशासन, शारीरिक फिटनेस, नेतृत्व क्षमता, साहस एवं राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। आधुनिक हथियारों एवं पुलिस संसाधनों के प्रदर्शन के माध्यम से युवाओं को पुलिस बल की जिम्मेदारियों, सुरक्षा संबंधी चुनौतियों एवं आधुनिक तकनीकी क्षमताओं को समझने का अवसर मिला।
