मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से महापौर रामू रोहरा ने आत्मीय मुलाकात कर दी दीपावली पर्व शुभकामनायें,धमतरी के विकास एवं जनहित के मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा

धमतरी। नगर निगम धमतरी के महापौर जगदीश (रामू) रोहरा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें धनतेरस एवं दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस आत्मीय भेंट के दौरान मुख्यमंत्री और महापौर के बीच धमतरी शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान महापौर रामू रोहरा ने धमतरी शहर के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना, नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और धमतरी को एक विकसित एवं सुव्यवस्थित शहर के रूप में नई पहचान दिलाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण सहित जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का मार्गदर्शन, सहयोग और सकारात्मक दृष्टिकोण धमतरी के विकास को नई गति प्रदान कर रहा है। प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी सोच और जनकल्याणकारी योजनाओं से शहर के विकास के लिए नए अवसर मिल रहे हैं। राज्य सरकार के सहयोग से धमतरी में विकास की संभावनाओं को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि धमतरी शहर की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और शहर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनका संकल्प है। इसके लिए शासन और नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
महापौर ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन एवं प्रदेश सरकार के सहयोग से आने वाले समय में धमतरी शहर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। यह मुलाकात धमतरी के विकास और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक एवं सार्थक रही।
