नगर पंचायत नगरी में मनाया गया दीपावली मिलन समारोह
जनप्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को दी दीपावली की शुभकामनाएं, नगरी के समुचित विकास के लिए कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने का लिया संकल्प

नगरी। दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर नगर पंचायत नगरी के सभाहाल में नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं गणमान्यजनों का दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष, विकास बोहरा सभापतिगण, अश्वनी निषाद शंकर देव विनीता कोठारी चेलेश्वरी साहू पार्षद देवचरण ध्रुव मिक्की गुप्ता जयंती टुकेश्वरी साहू डागेश्वरी साहू अंबिका ध्रुव यश करण पटेल हरीश साहू एवं एल्डरमैन प्रतिमा देवांगन गौरव तिवारी दुर्गा शंकर प्रजापति सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह का वातावरण आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं छत्तीसगढ़ी संस्कृति की आत्मीयता से सराबोर रहा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देने वाला पर्व है।
कार्यक्रम में सुवा नृत्य सहित छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि हमारी छत्तीसगढ़ी संस्कृति हमारी पहचान है और ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं, कला एवं संस्कृति से जोड़ने का प्रयास निरंतर जारी रहना चाहिए।
विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प
दीपावली मिलन समारोह के दौरान नगर पंचायत के सभी जनप्रतिनिधियों ने एकजुटता के साथ संकल्प लिया कि नगरी नगर के समुचित एवं सर्वांगीण विकास के लिए सभी कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे। नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, विकास कार्यों को गति देने तथा नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के लिए सभी मिलकर प्रयासरत रहेंगे।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर का विकास किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और नगरवासियों के सामूहिक प्रयास से ही संभव है। आपसी समन्वय और सहयोग के साथ नगरी को और अधिक विकसित, सुंदर एवं सुविधायुक्त नगर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी सभी जनप्रतिनिधियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने समस्त नगरी नगरवासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए नगर में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
दीपावली मिलन समारोह ने आपसी भाईचारे और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय की भावना को और मजबूत किया तथा नगरी के विकास के लिए मिलकर आगे बढ़ने का सकारात्मक संदेश दिया।
